चित्र प्रदर्शनी देखने उमड़े लोग, मीरा झाला ने बहाई भजनों की सरिता
उदित भास्कर. जोधपुर
इन दिनों शहर भर में गणपति उत्सव की धूम मची हुई है। गणपति पूजन के साथ साथ विभिन्न तरह के आयोजन भी किए जा रहे हैं। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर 20-ई आदर्श नगर में इन दिनों चल रहे गणपति महोत्सव के तहत विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अपनी संस्कृति से जुड़ने और जानने तथा मोबाइल से दूरी बनाने के उद्देश्य से क्षेत्र के बच्चों के लिए विशेष पेंटिंग एक्टिविटी “चित्र बनाओ- इनाम पाओ” का आयोजन भी किया किया गया। जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आदर्श नगर आयोजन समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने गणपति और गणेश उत्सव की थीम पर अपनी कल्पना को ड्रॉइंग पेपर पर साकार करते हुए विभिन्न आकार और प्रकार के गणपति की चित्रकारी कर अपनी बुद्धिमत्ता का परिचय दिया। बच्चों द्वारा बनाए गए इन चित्रों की सिद्धेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में एक प्रदर्शनी लगाई गई,जिसे देखने को भीड़ उमड़ पड़ी।
मीरा झाला के भजनों पर झूमे श्रोता
इस अवसर पर शाम को भजन संध्या का भी आयोजन किया गया,जिसमें प्रसिद्ध भजन गायिका मीरा झाला और उनकी टीम ने एक से बढ़कर एक भजनों की सरिता बहाई जिसमें श्रोता झूमते नजर आए।भजनो पर भक्ति रस में गोता लगाते हुए महिलाएं अपने को रोक न सकी और नृत्य करने लगी। मीरा झाला के भजनों में सभी श्रोता मंत्रमुग्ध होकर झूमने लगे।
इनके चित्रों की लगाई प्रदर्शनी
अपूर्वा अग्रवाल,महिमा चौधरी, वेदांसी चौधरी, नैतिक सिंह, जानवी,अदिति सिंह, हिमांशी मामनानी,वैदिक पालीवाल, आरव चौधरी,धैर्य थानवी,मयंक अरोड़ा,भूमि अग्रवाल,दैविक मेहता शामिल हैं। आयोजन समिति ने बताया कि बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों की प्रदर्शनी को देख कर दर्शकों ने प्रत्येक चित्र की बारीकी से देखकर अपनी पसंद के अनुसार 1 से 10 तक अंक दिए गए। आयोजकों ने बताया कि आयोजन समिति और क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों ने मिलकर सभी अंकों का योग कर प्रथम द्वितीय और तृतीय पुरस्कार का चयन किया गया,इसके परिणाम अभी सुरक्षित रखे गए हैं। प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार कॉलोनी के वरिष्ठ नागरिक प्रख्यात रंगकर्मी व लेखक एलएन भटनागर की ओर से उनकी पत्नी स्व.सुधा भटनागर की स्मृति में दिया जाएगा। इसके साथ ही चित्रकारी में भाग लेने वाले सभी बच्चों को समिति के सदस्य गिरधर केशवानी के सौजन्य से पुरस्कृत किया जाएगा। बच्चों को अनंत चतुर्दशी पर आयोजित समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।








