राष्ट्रीय स्तर की पारंपरिक मांडणा प्रतियोगिता में देशभर की प्रतिभाओं ने दिखाई कला और रचनात्मकता; 96 वर्षीय संतोष गोधा को विशेष सम्मान, जोधपुर की जया जैन ने प्राप्त किया तृतीय पुरस्कार
राखी पुरोहित. जोधपुर
दीपावली के पावन अवसर पर श्री दिगम्बर जैन महिला महासमिति एवं श्रमण संस्कृति महिला महासमिति के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तर की पारंपरिक मांडणा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में देशभर से महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी पारंपरिक कला, रचनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति का शानदार परिचय दिया। प्रतिभागियों ने आकर्षक मांडणों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और त्योहारों की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप प्रदान किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका जोधपुर की साहित्यकार श्रीमती ऋचा शरद अग्रवाल एवं बारां की श्रीमती मैना बड़जात्या ने निभाई। प्रतिभागियों की कलात्मक प्रस्तुति, रचनात्मकता और पारंपरिक शैली के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के दुर्ग की बबीता बाकलीवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बूंदी की सीमा जैन (बसी इकाई) द्वितीय तथा जोधपुर की जया जैन तृतीय स्थान पर रहीं।
इसके अतिरिक्त मुन्नी जैन (किशनगढ़), नीलम जैन (सोमा संभाग, देवरी सागर), मधु जैन (युवा महिला संभाग, अजमेर), शोभा जैन (छत्तीसगढ़, दुर्ग), मोहनी जैन (बड़ा मंदिर, ललितपुर), अनिता भोच (मानसरोवर, जयपुर), मधु जैन (केकड़ी) एवं संगीता झांझरी (कुचामन) को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। इस आयोजन का सबसे भावुक और प्रेरणादायी क्षण 96 वर्षीय संतोष गोधा (त्रिशला महिला संभाग, जयपुर) को विशेष सम्मान प्रदान करना रहा। उन्होंने उम्र के इस पड़ाव पर भी पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी कला एवं प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी को आश्चर्यचकित और अभिभूत कर दिया। उनकी कला के प्रति लगन और सक्रियता ने सभी प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता की प्रायोजक बारां संभाग की श्रीमती ललिता टोंग्या, श्रीमती चन्द्रकला सेठी, श्रीमती सरला जैन, श्रीमती सोनिया जैन एवं श्रीमती मैना बड़जात्या रहीं। आयोजकों ने सभी विजेताओं, प्रतिभागियों, निर्णायकों और सहयोगियों को बधाई देते हुए उनकी कला, समर्पण एवं सहभागिता की अनुमोदना की। आयोजकों के अनुसार, सभी के सहयोग, प्रोत्साहन और समर्पण से यह आयोजन सफल एवं यादगार बना। प्रतियोगिता ने न केवल पारंपरिक मांडणा कला को प्रोत्साहित किया, बल्कि नई पीढ़ी तक भारतीय लोक विरासत और सांस्कृतिक परंपराओं को पहुंचाने का सराहनीय संदेश भी दिया।







