संतों का सान्निध्य और आशीर्वाद संगठन के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी : पदाधिकारियों ने लिया मार्गदर्शन
राखी पुरोहित. जोधपुर
किसी सामाजिक संस्था के कार्यों की सराहना जब देश के प्रतिष्ठित संत और आध्यात्मिक जगत की महान विभूतियां करती हैं, तो यह उस संस्था के सेवा, सामाजिक सरोकारों और संगठनात्मक प्रयासों की श्रेष्ठता का महत्वपूर्ण प्रमाण होता है। ऐसा ही गौरवपूर्ण अवसर मंगलवार को जोधपुर में विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारियों को प्राप्त हुआ, जब जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने विप्र फाउंडेशन के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सर्वश्रेष्ठ बताया।
जोधपुर में आयोजित भव्य रामकथा के दौरान स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारियों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संगठन की गतिविधियों, सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों, समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में संक्षिप जानकारी ली। उन्होंने पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन किया। स्वामी जी ने सभी पदाधिकारियों से आत्मीयता के साथ संवाद किया।
राष्ट्रीय संरक्षक राधेश्याम रंगा के फार्म हाउस पर मिला सान्निध्य
उल्लेखनीय है कि स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज इन दिनों विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय संरक्षक एवं वरिष्ठ उद्यमी राधेश्याम रंगा के फार्म हाउस पर प्रवास कर रहे हैं। इस अवसर को संगठन के लिए विशेष बनाने के उद्देश्य से रंगा ने स्वामी जी से विशेष अनुमति लेकर विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारियों के साथ मुलाकात का समय निर्धारित करवाया। इसके बाद सभी पदाधिकारी फार्म हाउस पहुंचे और उन्हें स्वामी जी का सान्निध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ।
इस आत्मीय मिलन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष चिरंजी लाल दवे, राष्ट्रीय महामंत्री नवीन जोशी, प्रदेश महामंत्री कैलाश सारस्वत, प्रदेश कोषाध्यक्ष अमित दवे, ओंकार सिंह जी राजपुरोहित, प्रदेश महिला महामंत्री राजकुमारी दवे, जिला अध्यक्ष दिनेश कल्ला, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार पुरोहित, कमलेश पुरोहित, सुरेंद्र, जिला महिला अध्यक्ष श्रीमती विनीता गौड़ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज से प्राप्त मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और आशीर्वाद विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारियों के लिए गौरवपूर्ण एवं अविस्मरणीय रहा ।








