झारखंड के नक्सल प्रभावित इलाके में राजस्थान CID की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

दो साल से फरार सुरेंद्र साहू तेल मिल में छिपकर बदल रहा था ठिकाने, CID टीम ने भेष बदलकर तीन दिन तक की रेकी; 261 किलो डोडा-पोस्त तस्करी मामले में था वांछित

गजेंद्र सिंह राजपुरोहित. जोधपुर

राजस्थान पुलिस की CID क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपए के इनामी आरोपी सुरेंद्र साहू को झारखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपी को झारखंड के पलामू जिले के नक्सल प्रभावित हरिहरगंज थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। वह बालोतरा जिले के सिणधरी थाने में दर्ज 261 किलोग्राम डोडा-पोस्त तस्करी के मामले में वांछित था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने राजस्थान सहित कई राज्यों में मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क फैला रखा था।

तीन दिन तक भेष बदलकर की रेकी

CID क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि सुरेंद्र साहू अपनी पहचान छिपाकर लगातार ठिकाने बदल रहा है। वह हरिहरगंज थाना क्षेत्र में एक तेल मिल में रह रहा था। सूचना मिलने के बाद सहायक उपनिरीक्षक शंकर दयाल शर्मा और हेड कांस्टेबल रविंद्र सिंह तीन दिन पहले ही झारखंड पहुंच गए। टीम ने भेष बदलकर लगातार रेकी की और आरोपी के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। गहन निगरानी के बाद तेल मिल में उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई।

एक किलोमीटर तक पीछा कर दबोचा

राजस्थान और झारखंड पुलिस के बीच समन्वय स्थापित कर गिरफ्तारी की योजना बनाई गई। CID क्राइम ब्रांच, सिणधरी थाना पुलिस और स्थानीय हरिहरगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तेल मिल पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी जंगल की तरफ भागने लगा। टीम ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए सिणधरी थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया।

झारखंड से होती थी मादक पदार्थों की आपूर्ति

पुलिस के अनुसार बालोतरा जिले के सिणधरी थाना क्षेत्र में दर्ज 261 किलोग्राम डोडा-पोस्त तस्करी के मामले की जांच में मादक पदार्थों की आपूर्ति झारखंड से किए जाने का खुलासा हुआ था। इसी मामले में सुरेंद्र साहू लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी से तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और उनके संपर्कों के बारे में पूछताछ का रास्ता खुलेगा।

इन पुलिस अधिकारियों और जवानों की रही अहम भूमिका

यह कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध शाखा) बिपिन कुमार पांडेय के निर्देशन तथा महानिरीक्षक पुलिस के.बी. वंदना और उप महानिरीक्षक पुलिस दीपक भार्गव के सुपरविजन में की गई। उपनिरीक्षक शैलेश शर्मा के नेतृत्व वाली CID टीम में सहायक उपनिरीक्षक शंकर दयाल शर्मा, हेड कांस्टेबल रविंद्र सिंह, बृजेश कुमार शर्मा और कुलदीप सिंह की विशेष भूमिका रही। कांस्टेबल सोहन देव यादव ने तकनीकी सहयोग दिया।

वहीं सिणधरी थाना पुलिस की ओर से थाना अधिकारी शंकरलाल, कांस्टेबल गेनाराम, टीकमराम और चालक कांस्टेबल बाबूलाल का सहयोग रहा।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें