भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए लंबी लड़ाई लड़नी होगी, भगतसिंह की तरह निडर होना होगा : आईपीएस चौधरी

Total Views : 1,028
Zoom In Zoom Out Read Later Print

-RTI का स्थापना दिवस : जैसलमेर और जोधपुर में हुए सम्मेलन, जोधपुर में वरिष्ठ आरटीआई कार्यकर्ता नंदलाल व्यास ने कार्यकर्ताओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया, जैसलमेर में एसपी कम्युनिटी पुलिसिंग पंकज चौधरी ने कहा कि हमको ऐसा काम करना है कि लोकतंत्र के अन्य चारों स्तम्भों को पारदर्शिता के लिए मजबूर कर देना है

राखी पुरोहित. जोधपुर/जैसलमेर

आरटीआई के स्थापना दिवस पर जैसलमेर और जोधपुर में सम्मेलन हुए। जैसलमेर के कार्यक्रम में आईपीएस पंकज चौधरी ने साफ कहा कि भ्रष्टाचार के लिए लड़ाई लंबी लड़नी होगी। इसके लिए भगतसिंह के बताए रास्ते पर चलना होगा और उनकी तरह निडर होना होगा। जोधपुर में हुए सम्मेलन में वरिष्ठ आरटीआई कार्यकर्ता नंदलाल व्यास ने आरटीआई कार्यकर्ताओं पर हो रहे चौतरफा हमलों पर चिंता जताते हुए उनकी सुरक्षा का मुद्दा उठाया।

सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 लागू होने की 17वीं वर्षगांठ पर राज्य स्तरीय सम्मेलन जैसलमेर के डेजर्ट क्लब में आयोजित हुआ। इस दौरान आईपीएस पंकज चौधरी मुख्य अतिथि थे। सम्मेलन में राज्य भर के RTI कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और पंकज चौधरी का स्वागत किया। इस मौके पर बढ़िया काम करने वाले राज्य भर के RTI कार्यकर्ताओं को पंकज चौधरी ने सम्मानित किया। इसके साथ ही सामाजिक क्षेत्र में बेहतरीन काम करने वाले अन्य लोगों का भी सम्मान किया गया।

सम्मेलन में आईपीएस चौधरी ने कहा कि वे यूथ जज्बे वाले RTI कार्यकर्ताओं के बीच मौजूद होकर अपने आप को काफी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पारदर्शिता के लिए RTI का उपयोग एक शुरुआत है तथा लड़ाई अभी लम्बी लड़नी है। साल 1980 के आस-पास नैतिकता का स्तर ऊंचा था तथा भ्रष्टाचार बहुत ही कम मात्रा में था। लेकिन वर्तमान की स्थिति इससे विपरीत है। वर्तमान में पब्लिक- पुलिस रिलेशन के तहत इस पद पर रहते हुए पब्लिक पुलिस के बीच तालमेल स्थापित करना है और गैप को कम करना उनकी प्राथमिकता में रहेगा। उन्होंने RTI कार्यकर्ताओं को बताया कि हमको ऐसा काम करना है कि लोकतंत्र के अन्य चारों स्तम्भों को पारदर्शिता के लिए मजबूर कर देना है। उन्होंने RTI कार्यकर्ताओं को जनहित के मुद्दे उठाने और वकालत करने की प्रेरणा दी तथा शहीद भगत सिंह की तरह निडर होकर भ्रष्टाचार के खिलाफ पारदर्शिता के लिए लम्बी लड़ाई लड़ने के लिए मोटिवेट किया।

वरिष्ठ पत्रकार विमल शर्मा ने चौधरी को किया सम्मानित

जैसलमेर में तेजतर्रार और चर्चित एसपी रहे पंकज चौधरी के जैसलमेर आगमन पर वरिष्ठ पत्रकार विमल शर्मा ने उनका सम्मान किया। शर्मा ने उन्हें शॉल ओढ़ाई और डेजर्ट स्टॉर्म स्टूडियों का अवलोकन करवाया। साथ ही पुरानी यादें ताजा की। विमल शर्मा ने आईपीएस चौधरी से देश-राज्य के मुद्दों पर चर्चा की और जैसलमेर में चौधरी के कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों की चर्चा करते हुए जैसलमेर में चौधरी की लोकप्रियता का जिक्र किया। इधर आईपीएस चौधरी के जैसलमेर पहुंचने पर जैसलमेर के लोगों ने जमकर स्वागत किया। शहर में चौधरी की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जगह-जगह चौधरी के बड़े-बड़े होर्डिंग लगे हुए थे। बाड़मेर से भी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जैसलमेर आए हुए थे।

जोधपुर : आरटीआई कार्यकर्ताओं पर हमले कर कानून को कमजोर किया जा रहा है, आवाज उठाने का आह्वान

सूचना का अधिकार का स्थापना दिवस जोधपुर में सूचना पर्व के रूप में मनाया गया। आरटीआई कार्यकर्ताओं की संस्था जागृति के तत्वावधान में उम्मेद अस्पताल सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में दो समर्पित उत्कृष्ट आरटीआई कार्यकर्ताओं को सूचना-सिपाही सम्मान से अलंकृत किया गया। वहीं दो कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जागृति संस्थान के अध्यक्ष नन्दलाल व्यास ने आरटीआई कार्यकर्ताओं द्वारा एक वर्ष में किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि येन केन केन प्रकारेण आरटीआई कानून को कमजोर करने और भ्रष्टाचारियों को बचाने का प्रयास कर रही है। कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका मिलकर आरटीआई एक्ट को कमजोर कर रही है। यह कहकर कि आरटीआई कार्यकर्ता ब्लैकमेलर है आरटीआई कानून को कमजोर किया जा रहा है। आरटीआई कार्यकर्ताओं पर हमले कर  उनकी हत्या कर कर उनमें असुरक्षा की भावना पैदा कर भ्रष्टाचार की लड़ाई को कमजोर किया जा रहा है। सूचना आयोग में अपीलें लम्बे तक समय तक विचाराधीन रहने और बाद में भी दोषी राज्य लोक सूचना अधिकारियों पर जुर्माना नहीं लगाने के कारण नागरिकों को सूचनाएं समय पर नहीं मिल रही है।

समारोह में आरटीआई कार्यकर्ताओं की सुरक्षा का मुद्दा छाया रहा और विसल ब्लोअर को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई। मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं भामाशाह सुरेश राठी ने सोशल मीडिया के माध्यम से जागृति लाने का सुझाव दिया। राजस्थान राज्य उपभोक्ता आयोग के सदस्य लियाकत अली ने सूचना आयोग में निर्णयों में लम्बी देरी पर चिंता जताते हुए संभागीय मुख्यालयों पर सर्किट बेंचों की स्थापना का मुद्दा उठाया। लियाकत अली ने कहा कि सूचना आयुक्त तो आरटीआई के क्षेत्र में कार्य करने वालो को ही बनाना चाहिए। अधिवक्ता श्रीधर पुरोहित ने आरटीआई कार्यकर्ताओं को आलोचनाओं से प्रभावित हुए बिना और बिना डरे  जनहित में निरंतर कार्य करने की सलाह दी। वहीं कृषि विश्वविद्यालय के प्रथम कुलपति रहे प्रो. एलएन हर्ष ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध आरटीआई कार्यकर्ताओं के प्रयासों को सराहा और सद्भाविक रूप से भ्रष्ट्राचार के खिलाफ लड़ते रहने के जज्बे को निरंतर रखने के लिए कहा। इस अवसर पर देवीलाल जाखड़ (चौहटन) व बाबूराम सुथार (सांचौर) को पंचायतीराज संस्थाओं में भ्रष्टाचार उजागर करने में महत्वपूर्ण योगदान देने पर सूचना सिपाही सम्मान से अलंकृत किया गया। वहीं रामेश्वरलाल व अमराराम गोदारा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान के सभी जिलों से आरटीआई कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्तागण, पत्रकार, विधि छात्र और सिविल सोसायटी से जुड़े लोगों ने भाग लिया। संचालन देवकीनन्दन व्यास ने किया।

See More

Latest Photos