

जेडएमके टावर में 22 नवंबर को मध्यस्थता संगोष्ठी आयोजित…जस्टिस डॉ. विनीत कोठारी, एडवोकेट श्रीमती मीना कोठारी और स्वर्णिम सरदार स्कूल बैच वर्ष 1974-75 बैच ने की पहल, ढाई घंटे हुआ मंथन, कई पीड़ितों ने बताई व्यथा, डॉ. कोठारी ने किया मार्गदर्शन
प्रसिद्ध उद्योगपति और समाजसेवी शांतिलाल मूथा ने भेजा संदेश : राजस्थान में जस्टिस डॉ. विनीत कोठारी और श्रीमती मीना कोठारी का मध्यस्थता को लेकर किए जा रहे प्रयास सराहनीय, हर समाज को साथ देने का किया आह्वान
सरदार स्कूल स्वर्णिम बैच (1974-75) बैच के भूतपूर्व छात्र, डॉ. विनीत कोठारी (पूर्व उच्च न्यायालय न्यायाधीश) तथा उनके सहपाठी पंकज भंडारी (उद्योगपति व समाजसेवी), वीरेंद्र मेहता(बीमा विशेषज्ञ),अरुण भंसाली, सोहनलाल कवाड़, प्रेम राज मेहता, गणपत चौपड़ा एवं अन्य सहपाठीगण ने मध्यस्थता की इस मुहिम में सक्रिय सहयोग देने का लिया संकल्प
दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर
9783414079 uditbhaskarnews@gmail.com
जेडएमके टावर सरदारपुरा में 22 अगस्त की सुबह 11 बजे एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी आयोजित हुई। यह संगोष्ठी राजस्थान में आने वाले समय में एक नया इतिहास लिखने की भूमिका लिख चुका है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस पहल का श्रेय सरदार स्कूल स्वर्णिम बैच 1974-75 बैच के भूतपूर्व छात्रों जाता है जिनमें न्यायमूर्ति डॉ. विनीत कोठारी खुद शामिल है जो इस स्कूल के भूतपूर्व छात्र रह चुके हैं और इस मुहिम में सहपाठी उद्योगपति पंकज भंडारी, बीमा विशेषज्ञ वीरेंद्र मेहता, पर्यावरणविद अरुण भंसाली, सोहनलाल कवाड़, प्रेमराज मेहता, गणपत चौपड़ा और अन्य सहपाठी शामिल हुए और सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया। संगोष्ठी की भूमिका में डॉ. विनीत कोठारी ने कहा कि मध्यस्थता नया कंसेप्ट नहीं है। इतिहास में इसका सदियों पुराना संदर्भ मिलता है। महाभारत काल में श्रीकृष्ण ने भी कौरवो-पांडवों के बीच मध्यस्थता की थी और विवाद को प्रेम और परस्पर समझ से समझाने का प्रस्ताव और सुझाव दिया था। मगर जब दुर्योधन का अहम आड़े आया और कोई रास्ता नहीं निकला तो महाभारत हुई और भारी नरसंहार हुआ और कौरव वंश का खात्मा हुआ। जस्टिस डॉ. विनीत कोठारी ने कहा कि महावीर से लेकर गौतम बुद्ध तक ने मध्य मार्ग और मध्यस्थता पर जोर दिया है। समाज में शांति के लिए मध्यस्थता जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश में अदालतों पर करीब 5 करोड़ मुकदमों का भार है। इसी भार को कम करने के लिए 2023 में मध्यस्थता कानून आया। हालांकि आर्बिट्रेशन के तहत भी पहल की जाती है। मगर मध्यस्थता कानून अधिक सरल व प्रभावी है।
कोर्ट रेफर कर सकता है, पक्षकार स्वयं मध्यस्थता के लिए आ सकते हैं
जस्टिस डॉ. विनीत कोठारी ने कहा कि कोर्ट भी मुकदमे को मध्यस्थता के लिए रेफर कर सकता है और पक्षकार खुद भी मध्यस्थता के लिए आ सकते हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि एक बार मध्यस्थता होने के बाद और मामले का निपटारा होने के बाद उसके खिलाफ फिर कहीं अपील नहीं हो सकती। यह इसकी सबसे बड़ी विशेषता है। मध्यस्थता के लिए कभी भी आ सकते हैं। अगर दस बार भी सहमति नहीं बने तो ग्यारहवीं बार फिर से मध्यस्थता के लिए आ सकते हैं। सरकार ने अदालतों पर मुकदमों का भार कम करने के लिए अच्छी पहल की है। इसके लिए बाकायदा वकीलों और जजों को ट्रेनिंग दी जाती है। 15 साल का अनुभव रखने वाले अधिवक्ता इस मध्यस्थता के लिए योग्य माने जाते हैं और उन्हें विशेष ट्रेनिंग भी लेनी होती है।
तलाक, संपत्ति विवाद, चैक डिस्ऑनर जैसे मामलों में मध्यस्थता महत्वपूर्ण
जस्टिस डॉ. विनीत कोठारी ने कहा कि तलाक, संपत्ति विवाद और चैक डिस्ऑनर जैसे मामलों में मध्यस्थता महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। तलाक के मामलों में कई बार वकील मामले को जटिल बना देते हैं ताकि अपने क्लाइंट के पक्ष में निर्णय हो सके। लेकिन मध्यस्थता में दोनों पक्षकारों को पता चलता है कि उनके बीच सबकुछ खत्म नहीं हुआ है और कई बार रिश्ते टूटने से बच जाते हैंं। संपत्ति विवाद और चैक डिस्ऑनर के मामलों में भी मध्यस्थता अब अपना महत्वपूर्ण रोल अदा करने लगा है।
ईगो ही समस्या की जड़, इसे त्यागें तो कोर्ट-कचहरी करना ही नहीं पड़ें
जस्टिस डॉ. विनीत कोठारी ने कहा कि व्यक्ति का ईगो ही समस्या की जड़ है। अगर हम ईगो को छोड़ दें तो कोर्ट-कचहरी की नौबत ही नहीं आए। बचपन, युवा और बुजुर्ग अवस्था में ईगो किसी भी उम्र में हो सकता है और ईगो ही हमारा भविष्य तय करता है। मध्यस्थता में जब पक्षकार समझने की कोशिश करते हैं और उन्हें बात समझ में आ जाती है तो वे हंसते-मुस्कराते मामले सुलझाने को तैयार हो जाते हैं। ऐसे मामलों को देखते हुए अब कोर्ट भी मामले रेफर करने लगा है। जस्टिस डॉ. कोठारी ने कई उदाहरण देते हुए अपनी बात को पुख्ता किया। मैं जितना डिजर्व करता हूं, उतना मुझे मिल सकता है, यह भाव जब हमारे भीतर आता है तो समस्या का समाधान निकलता है। लेकिन जब व्यक्ति में यह अहंकार आ जाता है कि मैं ही यह कर सकता हूं तो बात बिगड़ जाती है और मध्यस्थता को यह भाव कमजोर कर देता है।
मध्यस्थता में वकील मौजूद रह सकते हैं और हर समय प्रजेंट रहे यह जरूरी भी नहीं
जस्टिस डॉ. विनीत कोठारी ने कहा कि मध्यस्थता में वकील मौजूद रह सकते हैं और यह जरूरी भी नहीं कि हर समय उनकी प्रजेंट रहे। पक्षकार और उनके रिश्तेदार, मित्र और परिचित भी मध्यस्थता में आ सकते हैं। यह गहरे समंदर में उतरने जैसी बात है। यानी मामले की तह तक जाने का प्रयास किया जाता है और एक निष्कर्ष तक पहुंच परस्पर सहमति से मामलों का निपटारा किया जाता है। अगर पक्षकार राजी नहीं होते तो मीडिटर जबरन फैसला नहीं कर सकते। जस्टिस डॉ. विनीत कोठारी ने कहा कि कोर्ट में तो एक पक्षकार जीतता है और एक पक्षकार हारता है। मगर मध्यस्थता में संतोष का भाव होता है और दोनों पक्ष जीतते हैं।
छोटी-छोटी बातें विवाद का कारण बनती है
जस्टिस डॉ. विनीत कोठारी ने कहा कि मध्यस्थता में आने के बाद पता चलता है कि मामला उतना बड़ा था नहीं जितना बना दिया गया है। कई बार पार्टी ऐसे ऐसे कारण बताती है कि जिसे सुनकर लगता है कि मामला अनावश्यक ही खींचा गया। जैसे जवाई ससुराल गया, उसे चाय का नहीं पूछा, पत्नी को पर्याप्त पॉकेट मनी नहीं मिलती, वगैरह वगैरह। लेकिन जब ठंडे दिमाग से समझाया जाता है और बात समझ में आ जाती है तो पक्षकारों को अपनी गलती का अहसास होता है और मध्यस्थता से मामलों का निपटारा हो जाता है।
25 प्रतिशत मामलों का निपटारा हो तो भी कोर्ट पर भार कम होगा
जस्टिस डॉ. विनीत कोठारी ने कहा कि कोर्ट पर 5 करोड़ मुकदमों का भार है। अगर सक्सेस रेट 25 प्रतिशत भी मान ली जाए तो कोर्ट पर काफी मुकदमों का भार कम हो सकता है। सुप्रीम कोर्ट भी मीडिएशन को बढ़ावा दे रहा है। इससे समाज में समरसता और शांति का प्रसार होता है। किराएदार-मकान मालिक, अड़ोसी-पड़ोसी, मकान निर्माण के मामले, संपत्ति विवाद और तलाक आदि मामलों में अब लोग मीडिएशन का सहारा ले रहे हैं। यह बदलाव अच्छा संकेत है।
कोर्ट के पॉवर असीमित है…
जस्टिस डॉ. विनीत कोठारी ने कहा कि कोर्ट के पॉवर असीमित होते हैं। 151 सीपीसी आदि में कोर्ट को असीमित अधिकार दिए गए हैं। लेकिन आमतौर पर कोर्ट अपने विवेक और एविडेंस के आधार पर निर्णय करता है। लेकिन कोर्ट में अक्सर एक पक्ष की जीत और दूसरे पक्ष की हार होती है। दोनों पक्ष संतुष्ट हाे यह जरूरी नहीं। ऐसे में मध्यस्थता ऐसा माध्यम है जो दोनों पक्षकारों का हित देखता है। आर्बिट्रेशन भी कोर्ट के बाहर होता है। हसमें एग्रीमेंट, ट्रायल, निर्णय आदि होता है। मगर मध्यस्थता इससे अधिक सरल और व्यावहारिक है।
युधिष्ठिर ने कहा था मन के विचार ही समस्या की जड़
जस्टिस डॉ. विनीत कोठारी ने कहा कि युधिष्ठिर ने कहा कि था मन के विचार ही समस्या की जड़ है। मन की गति का कोई ओर-छोर नहीं होता। सारी उपज मन की होती है। अगर मन पर और विचारों पर नियंत्रण हो जाए तो समस्या का समाधान हो सकता है। इसके लिए जरूरी है कि ठंडे दिमाग से सोचें और समस्याओं को मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाएं।
जस्टिस डॉ. विनीत कोठारी ने लिया संकल्प भोजन करते समय मोबाइल इस्तेमाल नहीं करूंगा
जस्टिस डॉ. विनीत कोठारी ने कहा कि परिवार के सदस्य संकल्प लें कि शाम का खाना साथ खाएं। परस्पर प्रेम से रहें। समस्या की जड़ यह है कि हमने हंसना बंद कर दिया है। आइए हम हंसना शुरू करते हैं। उन्होंने कहा कि मेरे साथ कुछ पल हंसिए। हंसना कई बीमारियों का इलाज है। उन्होंने कहा कि खाना खाते समय मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करें। जस्टिस डॉ. विनीत कोठारी ने कहा कि वे संकल्प लेते हैं कि खाना खाते समय मोबाइल का प्रयोग नहीं करेंगे।
लाइफ इज गिफ्ट ऑफ गॉड
जस्टिस डॉ. विनीत कोठारी ने कहा कि लाइफ इज गिफ्ट ऑफ गॉड है। लाइफ को एन्जॉय करें। स्वास्थ्य पर ध्यान दें और विवाद को घर ना करने दें। अगर विवाद हो भी जाए तो कोशिश करें कि वो आपके जीवन में अशांति का कारण नहीं बनें। क्योंकि जीवन भगवान का अनूपम उपहार है। इस जीवन को अच्छे उद्देश्य और सार्थक कार्यों में लगाएं।
कई पक्षकारों ने पूछे सवाल :
1-एडवोकेट मनोहर सिंह : परिवार के सदस्य संपत्ति विवाद का निपटारा करने को राजी हो तो कोर्ट क्या कर सकता है?
-जस्टिस डॉ. कोठारी ने कहा कि कोर्ट मामले को रेफर भी कर सकता है और पक्षकार खुद भी मध्यस्थता को आ सकते हैं।
2- महिला अभियंता : पति के साथ विवाद है, संतान की देखरेख वही कर रही है? क्या करें?
-जस्टिस डॉ. कोठारी ने कहा कि दोनों पक्ष बात करने को तैयार हो तो मध्यस्थता करवाई जा सकती है। आप आइए। हम मामला देखेंगे। कोशिश करेंगे कि बातचीत से हल हो।
3-नीलम उत्तम चंदानी : पति से विवाद है, अजनबियों की तरह रह रहे हैं?
-कोशिश करें मध्यस्थता से बात बन जाए। आप आइए हम प्रयास करेंगे।
4-एक युवक : पत्नी और ससुराल वाले परेशान कर रहे हैं?
-जस्टिस कोठारी ने कहा कि मध्यस्थता से मामला निपटाने का प्रयास करें। हम आप सभी की सुनेंगे।
डॉ. कोठारी के प्रयास सराहनीय : डॉ. ललिता मेहता
पूर्व प्रिंसिपल डॉ. ललिता मेहता ने कहा कि डॉ. विनीत कोठारी के प्रयास सराहनीय है। जैन समाज के साथ सभी समाज की ओर से इस पहल की सराहना की जानी चाहिए। हम सभी संकल्प लेते हैं कि डॉ. विनीत कोठारी और श्रीमती मीना कोठारी के प्रयासों का समर्थन करेंगे।
डॉ. विनीत कोठारी के नाम में भी विनय भाव है और संकल्प में भी पवित्र भाव : शोभा आंचलिया
समाजसेवी और मधुर गायिका शोभा आंचलिया ने कहा कि डॉ. विनीत कोठारी के नाम में भी विनय भाव है और संकल्प में भी पवित्र भाव है। उन्होंने कहा कि आज हर दूसरे घर में प्राब्लम है। बातचीत और मध्यस्थता से हल निकाला जाना चाहिए।
मध्यस्थता को लेकर जागरूक करने की जरूरत : संजय मूथा
संजय मूथा ने कहा कि मध्यस्थता को लेकर जागरूक करने की जरूरत है। मध्यस्थता से ही दिशा और दशा बदली जा सकती है। हम डॉ. विनीत कोठारी और श्रीमती मीना कोठारी के प्रयासों की सराहना करते हैं।
टाइटेनिक क्यों डूबा? कभी विचार किया? मध्यस्थता गहराई में जाकर पड़ताल करता है : मीना कोठारी
एडवोकेट मीना कोठारी ने कहा कि टाइटेनिक क्यों डूबा? कभी आपने विचार किया। उन्होंने प्रेम और विनय पर जोर देते हुए कहा कि मध्यस्थता ऐसा माध्यम है जो गहरे पानी में उतरता है। गहराई में जाता है और मामले की तह तक जाकर मामलों को निपटाता है। मीडिएशन में 40 घंटे की ट्रेनिंग में यही सबकुछ सिखाया जाता है। उन्होंने कहा कि कोर्ट में तो एक जीतेगा और एक हारेगा, मगर मीडिएशन में दोनों पक्षकारों की संतुष्टि होती है। यहां विजेता का भाव नहीं होता और संतुष्टि का भाव होता है।
संपत्ति विवाद पर फिल्म के माध्यम से बताया मध्यस्थता का महत्व
इस मौके पर संपत्ति विवाद पर बनी शॉर्ट फिल्म के माध्यम से मध्यस्थता का महत्व बताया गया। इस फिल्म में भावना, प्रेम, सौहार्द्र, कटूता, अहम, ताने, उलाहने और झूठे मुकदमे और सबकुछ इस तरह संयोजित किया गया कि मध्यस्थता की सही तस्वीर देखने वालों को स्पष्ट हो गई।
ये लोग थे मौजूद
सुनील पारीक, डॉ. ललिता मेहता, डॉ. अनीता जितेंद्र मेहता, डॉ. हेमलता भंसाली, अरुण भंसाली, राजेंद्र भंसाली, डॉ. मधुसूदन रांकावत, आरके जैन, प्रेमराज मेहता, राजेंद्र प्रसाद, नगेंद्र प्रसाद संचेती, आलोक मेहता, महावीर चंद जैन, जुगल माहेश्वरी, रमेश राजपूत, सीएस भंडारी, सोहनलाल, सुरेश धारीवाल, धर्मचंद धारीवाल, अरुण कुमार मोहनोत, कमल राज धारीवाल, संजय मेहता, रमेश मेहता, जयंतीलाल सिंघवी, अभिनंदन जैन, राजेंद्र भंडारी, पीएम शर्मा, मनोहर सिंह राठौड़, अर्चना धारीवाल, राजेंद्र बुरड़, नीलम उत्तम चंदानी, शोभा आंचलिया, गणपत शर्मा, सुनील लोढ़ा, सत्येंद्र पुरी गोस्वामी, मनीष रोहतागी, अनिशा भंसाली, महेंद्र बोहरा, कुंदन, जयंत, वरिष्ठ पत्रकार आनंद कल्ला, वरिष्ठ पत्रकार सुमनेश व्यास।






