समारोह 8 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे महाराज अजमीढ़ चैरिटेबल ट्रस्ट भवन, पुष्कर में आयोजित होगा
दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर
9783414079 uditbhaskarnew@gmail.com
राजस्थान के हाल ही में संपन्न निकाय चुनावों में मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज ने अभूतपूर्व राजनीतिक एवं सामाजिक सफलता अर्जित करते हुए समाज की नई ऊर्जा, एकजुटता और जनसेवा की भावना को प्रमाणित किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय मैढ़ क्षत्रिय समाज, दिल्ली तथा राजस्थान प्रदेश संगठन के संयुक्त तत्वावधान में समाज के विजयी पार्षदों, उपसभापति एवं सभापति का भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। यह समारोह 8 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे महाराज अजमीढ़ चैरिटेबल ट्रस्ट भवन, पुष्कर में आयोजित होगा।
समारोह में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश मायछ करेंगे। राष्ट्रीय महामंत्री दुलीचंद मौसूण, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रसाद तोसावर, प्रदेश महामंत्री बजरंग लाल झिंगा, कोषाध्यक्ष राजकुमार कुलथिया सहित समाज के वरिष्ठ, विशिष्ट एवं गणमान्य सदस्यों की उपस्थिति में समारोह संपन्न होगा।
प्रदेश शिक्षा प्रकोष्ठ प्रभारी प्रवीण मैढ़ ने बताया कि वर्ष 2026 के निकाय चुनावों में मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज ने राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 137 से अधिक पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों के रूप में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। साथ ही आठ निकायों में समाज के प्रतिनिधियों को अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होकर जनसेवा का अवसर प्राप्त हुआ है।
समाज का प्रतिनिधित्व राजस्थान के लगभग सभी प्रमुख क्षेत्रों एवं जिलों में सामने आया है। विशेष रूप से जोधपुर, चूरू, भीलवाड़ा, सीकर, हनुमानगढ़, झालावाड़, अजमेर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़ सहित अनेक जिलों में समाज के प्रतिनिधियों ने प्रभावशाली सफलता प्राप्त की है। नोखा, प्रतापगढ़, नाथद्वारा, लाम्बा हरिसिंह, कानोड़, संगरिया, बिजयनगर एवं सांगोद जैसे निकायों में समाज के प्रतिनिधियों का अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होना इस सफलता का विशेष गौरवपूर्ण पक्ष है।
मातृशक्ति और युवा शक्ति बनी सफलता की आधारशिला
प्रवीण मैढ़ ने कहा कि इस चुनाव में समाज की मातृशक्ति और युवा शक्ति की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल चुनाव जीतने की नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता, आत्मविश्वास, संगठनात्मक शक्ति और राजनीतिक चेतना के बढ़ते प्रभाव का प्रतीक है।
यह अंत नहीं, एक नई शुरुआत है
प्रवीण मैढ़ ने कहा कि निकाय चुनावों का यह परिणाम मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के लिए एक नई आशा और उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की शुरुआत है। समाज ने स्थानीय स्तर पर अपनी उपस्थिति सशक्त की है और अब समय आ गया है कि इस ऊर्जा को पंचायत से लेकर विधानसभा और लोकसभा तक प्रभावी जनप्रतिनिधित्व में परिवर्तित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाज आज अपने बीच से विधायक और सांसद देखने की आकांक्षा रखता है। आज निकायों में सफलता मिली है, कल पंचायतों में नई पहचान बनेगी और आने वाले समय में विधानसभा एवं संसद में भी समाज की सशक्त आवाज होगी—इसी संकल्प के साथ यह अभिनंदन समारोह एक नई उम्मीद, नई ऊर्जा और नई दिशा का संदेश देगा।







