सुगंधित द्रव्यों के साथ नौ कुंडीय शतचंडी हवन कल

SHARE:

संवित धाम आश्रम के रजत जयंती महोत्सव की तैयारियां पूरी

सुमनेश व्यास. जोधपुर 

परमहंस परिव्राजकाचार्य स्वामी ईश्वरानंद गिरि महाराज द्वारा दईजर लाछा बासनी में स्थापित संवित धाम आश्रम में 18 अक्टूबर रविवार को अपराह्न 1 बजे से नौ कुण्डीय शतचंडी हवन प्रारंभ होगा तथा सायं 5 बजे पूर्णाहुति दी जाएगी।

शारदीय नवरात्रि महोत्सव एवं संवित धाम आश्रम के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में प्रतिदिन सामूहिक श्रीदुर्गा सप्तशति का पाठ, संत महात्माओं के प्रवचन सहित अनेक धार्मिक, वैदिक अनुष्ठानों का आयोजन हो रहा है। संत सरोवर, सोमाश्रम, अर्बुदाचल के महंत स्वामी संवित सच्चिदानंद गिरि महाराज के सान्निध्य तथा अग्निहोत्री पंडित नवरत्न व्यास के आचार्यत्व में होने वाले शतचंडी हवन के लिए घृत, समिधाएं, शाकल्य सहित 108 औषधियां, जड़ी बूटियां, वृक्षों की छाल, वनस्पतियाँ, पुष्प के साथ साथ शाकम्बरी, हरी सब्जियों से विशेष आहुतियां दी जाएगी। अनिल राघवानी ने हवन पूर्णाहुति के लिए उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, झारखंड और विभिन्न स्थानों से 108 औषधियां मंगवाई है।

जोधपुर संवित साधनायन सोसायटी की अध्यक्ष रानी उषा देवी व सचिव भरत जोशी ने बताया कि शतचंडी हवन की पूर्णाहुति में भगवती गिरि राजेश्वरी को कमल पुष्प, श्रृंगार सामग्री एवं रेशमी साड़ी अर्पित की जाएगी। इनके साथ ही हवन सामग्री में नागकेसर, मजीठ, जावित्री, आंवला, मेहंदी, काली मिर्च, अनार, नींबू, केशूला, रक्त चंदन, गुग्गुल, काजल, पंचमेवा, हरी पत्तेदार सब्जियां तथा अन्य वनौषधियां सम्मिलित रहेंगी। हवन पूर्णाहुति के बाद संवित धाम आश्रम के चिंतामणि मंडप में धार्मिक सभा होगी जिसमें स्वामी सच्चिदानंद गिरि महाराज और एकात्म धाम ओंकारेश्वर के रेजीडेंट आचार्य स्वामी भूमानंद सरस्वती के प्रवचन होंगे। महेश हर्ष, शेखर थानवी, महेश जोशी, तरुण व्यास, शैलेश व्यास, जयशंकर हरिकिशन पुरोहित, संतोष पुरोहित, सुमेर सिंह राजपुरोहित, अनुज अवस्थी व नेमाराम गहलोत सहित अनेक साधक शतचंडी हवन की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें