शतचंडी हवन के साथ संतों के प्रवचन होंगे
सुमनेश व्यास. जोधपुर
7014030701 uditbhaskarnews@gmail.com
परमहंस परिव्राजकाचार्य स्वामी ईश्वरानंद गिरि महाराज द्वारा दईजर-लाछा बासनी में स्थापित संवित धाम आश्रम का 25 वां वार्षिकोत्सव रजत जयंती उत्सव शारदीय नवरात्र में भव्य वैदिक, धार्मिक अनुष्ठान, पाठ, अभिषेक, शतचंडी हवन और संतों के प्रवचन के साथ मनाया जाएगा।

संवित धाम आश्रम की स्थापना के 25 वर्ष 19 अक्टूबर को पूर्ण हो रहे हैं । इसी के तहत 11 से 20 अक्टूबर तक शारदीय नवरात्र, 18 व 19 अक्टूबर को दो दिवसीय रजत जयंती महोत्सव के तहत शतचंडी हवन का भी आयोजन होगा।
19 अक्टूबर को संवित धाम आश्रम की वार्षिक सभा और 20 अक्टूबर को प्रातः कन्या पूजन के साथ उत्सव सम्पूर्ण होगा। संत सरोवर, सोमाश्रम,माउंट आबू के महंत स्वामी सच्चिदानंद गिरि महाराज की उपस्थिति में पूरा आयोजन हो रहा है।
जोधपुर संवित साधनायन सोसायटी की अध्यक्षा रानी ऊषा देवी व सचिव भरत जोशी ने बताया कि 11 अक्टूबर को घट स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र उत्सव का शुभारंभ होगा। 13 से 15 अक्टूबर तक सरदारपुरा स्थित सत्संग भवन में सायं 5 बजे से ” देवी तत्त्व ” विषयक प्रवचनमाला में स्वामी सच्चिदानंद गिरि महाराज का उद्बोधन होगा।
प्रमोद गुर्जर, ब्रजेश हर्ष, लक्ष्मी सोनी, शशिबाला कल्ला, अनिल राघवानी, दीपक जोशी, राजेश कल्ला सहित अनेक साधक प्रवचन कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं। दो दिवसीय रजत जयंती समारोह के लिए बीकानेर से स्वामी विमर्शानंद गिरि, महेश्वर मध्यप्रदेश से स्वामी समानंद गिरि, ओमकारेश्वर से स्वामी भूमानंद सरस्वती, अहमदाबाद से स्वामी वीरेश्वर गिरि सहित अनेक संत महात्मा जोधपुर आ रहे हैं।
शतचंडी हवन
जोधपुर संवित साधनायन सोसायटी के उपाध्यक्ष दिनेश चन्द्र सिंघल और डॉ. सीएस कल्ला ने बताया कि संपूर्ण शारदीय नवरात्र में प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से सामूहिक श्रीदुर्गा सप्तशति का सामूहिक पाठ होगा। 17 से 20 अक्टूबर तक स्वामी सच्चिदानंद गिरि महाराज का प्रवचन संवित धाम आश्रम के चिंतामणि मंडप में होगा। 18 अक्टूबर को अपराह्न 1 बजे से अग्निहोत्री पंडित नवरतन व्यास के आचार्यत्व में नौ कुंडीय चंडी हवन होगा जिसमें घृत, शाकल्य, सर्वोषधि से दुर्गा सप्तशति के मंत्रों के साथ साथ भगवती और गुरु के 1008 नामावली से आहुतियां दी जाएगी। महेश हर्ष, शेखर थानवी, महेश जोशी, तरुण व्यास, जयशंकर पुरोहित हवन में सहयोग करेंगे।







