जीवन का आधार ही राम नाम है- अनिल महाराज
पंकज जांगिड़. जोधपुर
आसोज मास की शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर पाल रोड, गायत्री नगर स्थित वात्सल्यपुरम बाल आश्रम परिसर में आयोजित हो रही नौ दिवसीय श्री राम कथा के दौरान कथावाचक अनिल महाराज ने प्रभु श्री राम की अमृतमयी कथा का वाचन करते हुए कहा कि राम नाम अविनाशी है।
दुनिया इधर से उधर हो जाए, सब कुछ बदल जाए पर यह राम नाम ज्यों का त्यों यूं ही सदा बना रहेगा। कथा व्यास ने कहा कि इस राम नाम की महिमा कभी भी कम नहीं होगी बल्कि दिन-प्रतिदिन इसकी महिमा बढ़ते ही जाएगी। उन्होंने कहा कि राम की महिमा अपरंपार है। प्रभु श्रीराम स्वयं कह गए राम से बड़ा राम का नाम है। जो बात स्वयं राम कह गए वो कैसे गलत हो सकती है। जीवन का आधार ही राम नाम है। हर जगह राम नाम की महिमा का गुणगान है। राम सिर्फ एक नाम नहीं है। राम नाम सबसे बड़ा मंत्र है। राम नाम की महिमा तो ये है की सदाशिव भोले शंकर भी राम नाम जपते रहते हैं। इसी नाम का वो हर प्रहर जाप करते रहते हैं। संसार चल ही राम नाम से रहा है। सूर्य, चन्द्रमा, अग्नि, वायु सभी में जो शक्ति है वह राम नाम में समाहित है। जीवन में राम नाम का बहुत महत्व है। जीवन के हर पल और हर क्षण में राम नाम चलन रहता है।
सूत्रधार मदन जांगिड़ ने बताया कि बाल आश्रम के बच्चों, गणमान्य अतिथियों सहित अनेक श्रद्धालु दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक प्रतिदिन नौ दिवसीय कथा का रसपान कर रहे है।








