बच्चों को फल-नाश्ता, महिलाओं को साड़ियां वितरित कर सेवा और मानवता का दिया संदेश
उदित भास्कर. जोधपुर
लॉयंस क्लब जोधपुर एक्टिव की ओर से चलाए जा रहे विशेष सेवा सप्ताह के तहत चौपासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित श्रीराम पार्क में जरूरतमंद एवं स्लम क्षेत्र के परिवारों और बच्चों के बीच सेवा कार्य किया गया।
क्लब की ओर से आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में जरूरतमंद परिवारों को आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाकर उनके साथ खुशियां साझा की गईं। कार्यक्रम के दौरान क्लब सदस्यों ने सेवा को केवल सहायता का माध्यम नहीं बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी बताते हुए जरूरतमंदों की मदद का संकल्प दोहराया।
क्लब अध्यक्ष लायन संजीव व्यास, सचिव लायन अमित पेड़ीवाल एवं प्रशासनिक अधिकारी उषा गर्ग ने संयुक्त रूप से बताया कि सेवा कार्यक्रम के दौरान 21 जरूरतमंद परिवारों को सूखी राशन सामग्री के पैकेट वितरित किए गए। इन पैकेटों में आटा, दाल, चावल, चायपत्ती, शक्कर, तेल तथा विभिन्न प्रकार के मसाले शामिल थे।
राशन सामग्री प्राप्त होने पर जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। सेवा कार्यक्रम में बच्चों का भी विशेष ध्यान रखा गया। क्लब सदस्यों ने बच्चों को नाश्ता एवं ताजे फल वितरित किए और उनके साथ आत्मीयता से समय बिताया। वहीं जरूरतमंद महिलाओं को साड़ियां वितरित कर उन्हें सम्मान एवं सहयोग प्रदान किया गया। क्लब सदस्यों ने कहा कि समाज में सेवा का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता सम्मानपूर्वक पहुंचाई जाए।
क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि लायंस क्लब जोधपुर एक्टिव द्वारा वर्षभर विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जाती हैं, लेकिन सेवा सप्ताह के दौरान विशेष रूप से अलग-अलग क्षेत्रों एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं। यह विशेष सेवा सप्ताह 8 अक्टूबर तक चलेगा। लायंस क्लब के इस वर्ष के गवर्नर लायन निशांत जैन के निर्देशानुसार सेवा सप्ताह के अलग-अलग दिनों में अलग-अलग सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सेवा सप्ताह के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने, जरूरतमंदों की आवश्यकताओं को समझने और यथासंभव उनकी सहायता करने का प्रयास किया जा रहा है। क्लब सदस्यों का मानना है कि समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंदों के साथ खड़ा होना चाहिए, ताकि कोई भी परिवार स्वयं को समाज से उपेक्षित महसूस न करे। कार्यक्रम के दौरान क्लब सदस्यों ने सेवा, सहयोग और मानवता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवारों की छोटी-सी मदद भी उनके लिए बड़ी राहत बन सकती है। इसी भावना के साथ क्लब द्वारा आने वाले दिनों में भी विभिन्न सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा। इस सेवा कार्य में क्लब अध्यक्ष लायन संजीव व्यास, प्रशासनिक अधिकारी उषा गर्ग, सचिव लायन अमित पेड़ीवाल, अविनाश मुथा एवं गीता खेतानी सहित क्लब के अन्य सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा। कार्यक्रम में क्लब सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सेवा सप्ताह को सार्थक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।







