आनंदमय संध्या में उनके साथ हंसी-खुशी नृत्य कर आत्मीय मिलन को बनाया यादगार
उदित भास्कर. जोधपुर
राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, जोधपुर (NLUJ) द्वारा Caregivers Asha Society (CAS) तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय कार्यालय के सहयोग से “भारत में देखभाल एवं दीर्घकालिक देखभाल कानून: देखभाल के लिए एक विधिक ढाँचे की ओर” विषय पर अंतरराष्ट्रीय हितधारक परामर्श का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में अनुबंध वृद्धजन कुटीर की संचालिका अनुराधा अडवानी को वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया, जहाँ उन्होंने अनुबंध में अपने अनुभवों तथा वृद्धजनों की देखभाल के क्षेत्र में अपने कार्य एवं अनुभवों को साझा किया।
अनुबंध के संचालक अनुराधा-नरेंद्र अडवानी ने बताया कि सम्मेलन के समापन के पश्चात WHO, Caregivers Asha Society तथा अन्य संबद्ध संस्थाओं के विशिष्ट प्रतिनिधियों ने “अनुबंध-होम ए एजेड” का दौरा किया। इस प्रतिनिधिमंडल में डॉ. अमृता कंसल (Technical Officer, WHO SEARO), डॉ. ह्योबुम जांग (WHO, Geneva), डॉ. अतरेयी गांगुली (दिल्ली), डॉ. हरीश अग्रवाल, Caregivers Asha Society की टीम, डॉ. प्रियदर्शी पाटनी, अर्चना पाटनी तथा रुचिरा अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
अनुराधा अडवानी ने बताया कि प्रतिनिधियों ने अनुबंध की कार्यप्रणाली, वृद्धजनों की देखभाल, दैनिक संचालन एवं उपलब्ध सुविधाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया तथा संस्थान के संचालन के पीछे किए जा रहे समर्पित प्रयासों की विशेष रूप से सराहना की। दौरे के दौरान प्रतिनिधियों ने अनुबंध के निवासियों से आत्मीय संवाद भी किया। उन्होंने निवासियों से उनके अनुभव और सुझाव जाने तथा यह जानकर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की कि वे अनुबंध में स्वयं को सुरक्षित, संतुष्ट और प्रसन्न महसूस करते हैं। प्रतिनिधियों ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ आनंदमय संध्या भी बिताई और उनके साथ हँसी-खुशी नृत्य कर इस आत्मीय मिलन को यादगार बनाया। निवासियों के साथ इस सहज और खुशनुमा सहभागिता ने पूरे वातावरण को उत्साह एवं अपनत्व से भर दिया। प्रतिनिधियों ने अनुबंध को दीर्घकालीन वृद्ध देखभाल के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी पहल बताते हुए इसके पीछे किए जा रहे निरंतर एवं समर्पित प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।






