बालिका छात्रावास में दीपावली की खुशियाँ बाँटीं, दीपों और फुलझड़ियों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया उत्सव
राखी पुरोहित. जोधपुर
हेल्पिंग पीपल ट्रस्ट उम्मीद की एक किरण की ओर से 27 अक्टूबर को नौ मील स्थित बालिका छात्रावास में 51 कन्याओं के साथ दिवाली स्नेह मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुण सिखाने के साथ ही उन्हें प्रोत्साहित किया गया और दीपावली की खुशियाँ बाँटी गईं।
ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम पोहानी ने बताया कि दूर-दराज के गाँवों से आकर छात्रावास में पढ़ाई कर रही बालिकाओं के साथ ट्रस्ट के सदस्यों के सहयोग से यह विशेष आयोजन किया गया। छात्रावास में संतोष सभी बालिकाओं को अपनी बेटियों की तरह स्नेह और अपनत्व के साथ रखती हैं। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम में जस्टिस देवेंद्र कच्छवाह ने बालिकाओं को प्रेरणादायक संदेश देकर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं, मंजू राठौड़ ने आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) के महत्वपूर्ण गुर और जानकारी देकर बालिकाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर सभी बालिकाओं को अल्पाहार कराया गया। दीप प्रज्वलन, फुलझड़ियों, नाच-गाने और खुशियों भरे माहौल के बीच सभी ने मिलकर दीपावली का उत्सव धूमधाम से मनाया। इस आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं के साथ त्योहार की खुशियाँ बाँटना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में गीता लाडवानी, पिंकी अरोड़ा, कौशल्या भागचंदानी, नरेंद्र लोकवाणी, निशा टीकवानी, मानवी, बद्री नारायण हर्ष, लता व्यास, आशा सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।







