मध्यस्थता : एक ऐसा मंच जो विवाद सुलझाता है और रिश्ते भी सुरक्षित रखता है…मध्यस्थता संगोष्ठी 22 नवंबर को

SHARE:

जीत-हार नहीं, आपसी समझ और सहमति है विवादों के समाधान का प्रभावी माध्यम

22 नवंबर को जोधपुर में SS 1974 बैच की ओर से आयोजित होगी मध्यस्थता संगोष्ठी, पूर्व न्यायाधिपति डॉ. विनीत कोठारी एवं श्रीमती मीना कोठारी करेंगे मार्गदर्शन

लेखिका : ममता सुनील लूँकड़, पाली – मारवाड़, राजस्थान

आज के बदलते सामाजिक परिवेश में परिवारों और समाज के भीतर धैर्य, सहिष्णुता, संंयम एवं एक-दूसरे को समझने की भावना में कमी आती दिखाई दे रही है। परिणामस्वरूप छोटे-छोटे मतभेद भी कई बार गंभीर विवाद का रूप धारण कर लेते हैं। पिता-पुत्र, भाई-भाई, पति-पत्नी अथवा पड़ोसियों के बीच उत्पन्न होने वाले विवादों में संवाद और समझदारी की कमी परिस्थितियों को और जटिल बना देती है। ऐसे में लोग शीघ्र न्याय की उम्मीद लेकर न्यायालय की शरण लेते हैं।

यह सर्वविदित है कि देश की अदालतों में मुकदमों का भारी बोझ है। न्यायिक प्रक्रिया में कई बार वर्षों लग जाते हैं और कुछ विवाद पीढ़ियों तक चलते रहते हैं। इस दौरान पक्षकारों को आर्थिक नुकसान, मानसिक तनाव और समय की बर्बादी के साथ-साथ अपने पारिवारिक एवं सामाजिक रिश्तों की भी कीमत चुकानी पड़ती है। कई बार न्याय मिलने तक रिश्तों में इतनी दूरियां आ जाती हैं कि उनकी भरपाई संभव नहीं रह जाती।

इन्हीं परिस्थितियों में विवादों के वैकल्पिक समाधान की अवधारणा अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। भारत में मध्यस्थता अधिनियम, 2023 (Mediation Act, 2023) इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कानूनी पहल है। इसका उद्देश्य मध्यस्थता को संस्थागत स्वरूप देना, विवादों के शांतिपूर्ण समाधान को प्रोत्साहित करना तथा न्यायालयों पर मुकदमों का बोझ कम करने में सहयोग करना है। इसे वैकल्पिक विवाद समाधान अर्थात् Alternate Dispute Resolution (ADR) व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।

मध्यस्थता : जहां जीत से अधिक महत्वपूर्ण हैं रिश्ते

न्यायालय में विवाद पहुंचने पर दोनों पक्ष अपने-अपने तर्क, अधिकार और साक्ष्य प्रस्तुत करते हैं। न्यायालय कानून एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निर्णय देता है। इसमें प्रायः एक पक्ष के पक्ष में फैसला होता है, जबकि दूसरे पक्ष को उसे स्वीकार करना पड़ता है।
लेकिन प्रत्येक विवाद में गलती पूरी तरह किसी एक पक्ष की ही हो, यह आवश्यक नहीं है। जैसा कि कहा जाता है— ताली एक हाथ से नहीं बजती।

विवाद का वास्तविक समाधान केवल किसी एक पक्ष की जीत और दूसरे की हार में नहीं, बल्कि एक-दूसरे के दृष्टिकोण को समझने, संवाद स्थापित करने और आपसी सहमति तक पहुंचने में निहित है। मध्यस्थता इसी सोच को साकार करने का प्रभावी माध्यम है। इसमें एक निष्पक्ष मध्यस्थ दोनों पक्षों की बात ध्यानपूर्वक सुनता है, उनके हितों एवं परिस्थितियों को समझता है और बातचीत के माध्यम से ऐसे समाधान तक पहुंचने में सहायता करता है, जिसे दोनों पक्ष अपनी स्वेच्छा से स्वीकार कर सकें। क्योंकि किसी एक के माथे की शिकन दूसरे के चेहरे की झुर्रियों को और गहरा कर सकती है, लेकिन आपसी बातचीत, समझदारी और सहमति उन्हीं शिकनों एवं झुर्रियों को मुस्कान में भी बदल सकती है।

दुकानदार और ग्राहक की सौदेबाजी से समझें मध्यस्थता का महत्व

मध्यस्थता की प्रक्रिया को दैनिक जीवन के एक सरल उदाहरण से समझा जा सकता है। जब किसी दुकान पर ग्राहक और दुकानदार के बीच किसी वस्तु की कीमत को लेकर मोलभाव होता है, तब दोनों अपने-अपने हितों को ध्यान में रखकर बातचीत करते हैं। ग्राहक चाहता है कि उसे वस्तु उचित एवं कम कीमत पर मिले, जबकि दुकानदार अपनी लागत और उचित लाभ को ध्यान में रखता है। दोनों के बीच बातचीत एवं आपसी समझ के आधार पर एक ऐसी कीमत तय हो जाती है, जिससे दोनों संतुष्ट होते हैं। ग्राहक को अपनी अपेक्षा के अनुरूप वस्तु मिल जाती है और दुकानदार को उचित लाभ प्राप्त हो जाता है। इस पूरी प्रक्रिया में न ग्राहक को हार का अनुभव होता है और न दुकानदार को। दोनों की संतुष्टि ही सौदे की सफलता बन जाती है। ठीक इसी प्रकार मध्यस्थता में भी दोनों पक्षों की बात सुनकर उनके हितों, अधिकारों और वास्तविक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए समाधान निकालने का प्रयास किया जाता है। इसका उद्देश्य किसी एक को हराना या दूसरे को जिताना नहीं, बल्कि ऐसा समाधान तलाशना है, जिसे दोनों पक्ष सहमति से स्वीकार कर सकें।

मध्यस्थता का मूल मंत्र है— विवाद में जीतने से अधिक महत्वपूर्ण है रिश्तों को बचाना और दोनों पक्षों की संतुष्टि के साथ समाधान तक पहुंचना। सरल, प्रभावी और समय की आवश्यकता है मध्यस्थता। मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का समाधान अपेक्षाकृत कम समय, कम खर्च और सहयोगात्मक वातावरण में संभव हो सकता है। विधि के अनुरूप संपन्न मध्यस्थता समझौते को कानूनी मान्यता प्राप्त होती है तथा उसे लागू कराने के लिए अधिनियम में आवश्यक प्रावधान किए गए हैं। आज आवश्यकता इस बात की है कि प्रत्येक छोटे-बड़े विवाद को प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाने के बजाय बातचीत, धैर्य और आपसी सहमति से सुलझाने की संस्कृति विकसित की जाए। विशेषकर पारिवारिक एवं सामाजिक विवादों में मध्यस्थता अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकती है, क्योंकि ऐसे विवादों में केवल कानूनी अधिकार ही नहीं, बल्कि भावनाएं, रिश्ते, पारिवारिक प्रतिष्ठा और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी जुड़ा होता है।

मध्यस्थता के महत्व और इसकी उपयोगिता के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सरदार स्कूल, जोधपुर के पूर्व विद्यार्थियों के समूह SS 1974 बैच द्वारा एक सराहनीय पहल की जा रही है। इसी क्रम में 22 नवंबर, 2026 को जोधपुर में मध्यस्थता संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। संगोष्ठी में पूर्व न्यायाधिपति डॉ. विनीत कोठारी एवं श्रीमती मीना कोठारी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे मध्यस्थता की उपयोगिता, इसकी प्रक्रिया, कानूनी प्रावधानों तथा पारिवारिक, सामाजिक एवं व्यावसायिक जीवन में इसकी प्रासंगिकता पर अपने विचार साझा करेंगे। यह आयोजन केवल एक संगोष्ठी नहीं, बल्कि समाज में संवाद, सहिष्णुता, आपसी समझ और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान की भावना को प्रोत्साहित करने का सार्थक प्रयास है। इस प्रकार की पहल से आमजन को यह समझने का अवसर मिलेगा कि प्रत्येक विवाद का समाधान न्यायालय में ही तलाशना आवश्यक नहीं है। कई मामलों में आपसी बातचीत और निष्पक्ष मध्यस्थ की सहायता से भी सम्मानजनक एवं संतोषजनक समाधान प्राप्त किया जा सकता है।

संवाद बढ़ाएं, रिश्ते बचाएं

समाज में शांति, सद्भाव और आपसी विश्वास बनाए रखने के लिए मध्यस्थता की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। हमें विवादों को बढ़ाने के बजाय संवाद को महत्व देना होगा। आपसी मतभेदों को अहंकार का विषय बनाने के बजाय समझदारी से सुलझाने का प्रयास करना होगा। आइए, हम इस पहल का स्वागत करें और मध्यस्थता के संदेश को परिवारों, मित्रों तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाएं। विवाद बढ़ाने से बेहतर है संवाद बढ़ाना, रिश्ते तोड़ने से बेहतर है उन्हें बचाना। न्याय के साथ यदि विश्वास भी मिल जाए,
तो मध्यस्थता से विवाद का समाधान संभव हो जाए।

 

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

उदित भास्कर ब्रेकिंग : अमित शाह से भजनलाल की 30 मिनट की मुलाकात में राजस्थान की दागी अफसरशाही भी बनी चर्चा का विषय? पंकज चौधरी प्रकरण और विवादित अधिकारियों की पदोन्नति पर गृह मंत्री की नाराजगी की चर्चा!

Horoscope

Weather

और पढ़ें

उदित भास्कर ब्रेकिंग : अमित शाह से भजनलाल की 30 मिनट की मुलाकात में राजस्थान की दागी अफसरशाही भी बनी चर्चा का विषय? पंकज चौधरी प्रकरण और विवादित अधिकारियों की पदोन्नति पर गृह मंत्री की नाराजगी की चर्चा!

राज्य

शहर चुनें