100 बालक बालिकाओं ने 108 बार हनुमान चालीसा व पंचरत्न गीता का संगीतमय पाठ किया
राखी पुरोहित. जोधपुर
कार्तिक मास के पावन पर्व पर चांदपोल तापडिया बेरा के पास स्थित अनिश्चितकालीन अखण्ड रामायण पाठ स्थल बाबा प्रकाशपुरी आश्रम में देव प्रबोधनी एकादशी पावन पर्व पर 19 व 20 नवंबर को दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है।
आश्रम के गादीपति संत रुक्मणपुरी महाराज ने बताया कि गुरुवार को सुबह 11 बजे गणेशपूजन के पश्चात् अखण्ड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सीमा मांटेसरी विद्यालय के 100 बालक बालिकाओं ने 108 बार हनुमान चालीसा व पंचरत्न गीता का संगीतमय पाठ किया। आज आयोजित कार्यक्रमों में त्रयंबकेश्वर महादेव का पंचामृत रूद्राभिषेक, बाबा प्रकाशपुरी के चरण पादुका पूजन, आश्रम के सेवाधारी ब्रह्मलीन संत सतीश पुरोहित शिवपुरी महाराज की चतुर्थ पुण्यतिथि पर उनकी समाधि का पूजन, विष्णुसहस्त्रनाम, श्रीमद्भगवत गीता, गजेंद्र मोक्ष, भीष्मस्तवराज, अनुस्मृति का सस्वर पाठ तथा सांयकाल में रामदरबार एवं रामायणजी की आरती का आयोजन किया गया। पूरे दिन आश्रम परिसर में रामचरितमानस की चैपाईयां गूंजती रही। इस अवसर पर आश्रम में स्थित राम दरबार की भव्य आंगी रचना, पूजन व रंगीन रोशनी, दीपमालिका व फूल मण्डली से सजाया गया।







