खुश खबर : प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज मदद को आगे आया

SHARE:

प्रवीण मैढ़ का मानना है कि समाज की वास्तविक शक्ति उसके धन अथवा संसाधनों में ही नहीं, बल्कि उसकी प्रतिभाओं, शिक्षित युवाओं और उनके उज्ज्वल भविष्य में निहित होती है।

उदित भास्कर. जोधपुर

मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की शिक्षा के मार्ग में आर्थिक अभाव बाधा नहीं बनेगा। प्रवीण मैढ़ ने बताया कि लक्ष्य प्राप्त करने की अगर विद्यार्थियों में लगन है और अपने सपनों को साकार करने का दृढ़ संकल्प है, तो आपकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए समाज की अनेक संस्थाएँ और भामाशाह आपके साथ खड़े हैं।

प्रवीण मैढ़ का मानना है कि समाज की वास्तविक शक्ति उसके धन अथवा संसाधनों में ही नहीं, बल्कि उसकी प्रतिभाओं, शिक्षित युवाओं और उनके उज्ज्वल भविष्य में निहित होती है। हमारा उद्देश्य केवल प्रतिभाओं को सम्मानित करना नहीं, बल्कि उन्हें इस योग्य बनाना है कि वे भविष्य में समाज, राष्ट्र और मानवता की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। यही वजह है कि शिक्षा के क्षेत्र में एक नई आशा — स्वर्णकार एजुकेशन ट्रस्ट बनकर उभरा है।

प्रवीण मैढ़ ने बताया कि मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के लिए यह गर्व का विषय है कि मैढ़ ट्रस्ट, बेंगलुरु विगत लगभग 40 वर्षों से अनुशासन, पारदर्शिता और नियमबद्ध व्यवस्था के साथ समाज के शैक्षिक उत्थान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आज स्वर्णकार एजुकेशन ट्रस्ट भी तेजी से एक सशक्त एवं विश्वसनीय संस्था के रूप में उभर रहा है। मुझे यह बताते हुए विशेष प्रसन्नता हो रही है कि स्वर्णकार एजुकेशन ट्रस्ट ने इस वर्ष माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा के पश्चात डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्तियाँ वितरित की हैं। इसके साथ  ही मेडिकल, इंजीनियरिंग तथा प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी कर रहे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए भी कुछ छात्रवृत्तियाँ उपलब्ध हैं। प्रवीण मैढ़ ने बताया कि पात्र विद्यार्थियों को  बिना विलंब आवेदन प्रस्तुत करना चाहिए। आवेदन प्रक्रिया स्वर्णकार एजुकेशन ट्रस्ट की वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध है। पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन की अंतिम तिथि की जानकारी वेबसाइट से अवश्य प्राप्त करें। याद रखिए, अवसर उन्हीं के जीवन में परिवर्तन लाते हैं, जो समय रहते उनका लाभ उठाने के लिए आगे आते हैं।
केंद्र सरकार की छात्रवृत्ति योजना का भी लाभ उठाना चाहिए।

प्रवीण मैढ़ ने बताया कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा से संबंधित छात्रवृत्ति योजना भी उपलब्ध है। इसके अंतर्गत पात्र कॉलेज विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्राप्त करने का अवसर मिल सकता है। इस योजना की प्रमुख जानकारी, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं संबंधित वेबसाइट का विवरण उनसे प्राप्त किया जा सकता है। मेरा समाज के सभी अभिभावकों से विनम्र आग्रह है कि वे अपने बच्चों को केवल पारंपरिक व्यवसाय तक सीमित रखने के बजाय उनकी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुसार उच्च शिक्षा, चिकित्सा, अभियांत्रिकी, प्रबंधन तथा प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। प्रवीण मैढ़ ने बताया कि पुष्कर से प्रेरणा मिली। 8 अक्टूबर 2026 को तीर्थराज पुष्कर में आयोजित सम्मान समारोह हमारे समाज के लिए ऐतिहासिक गौरव का अवसर रहा। राजस्थान के नगर निकाय चुनावों में समाज के लगभग 141 जनप्रतिनिधियों की विजय, जिनमें 8 सभापति एवं 4 उपसभापति भी शामिल हैं, समाज की बढ़ती संगठनात्मक शक्ति और जागरूकता का प्रमाण है।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर अखिल भारतीय मैढ़ क्षत्रिय समाज के राष्ट्रीय महामंत्री दुलीचंद मौसूण द्वारा एक अत्यंत प्रेरणादायी घोषणा की गई कि आगामी वर्ष से श्री महाराज अजमीढ़ चैरिटेबल ट्रस्ट, पुष्कर से प्राप्त आय का एक निश्चित प्रतिशत समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के रूप में प्रदान किया जाएगा। यह घोषणा केवल आर्थिक सहायता का आश्वासन नहीं है, बल्कि समाज की आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और दूरदर्शिता का प्रतीक है।

हम अपने केंद्रीय नेतृत्व के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। यह पहल हमारे विद्यार्थियों के मन में विश्वास जगाएगी कि समाज उनके सपनों को अपना सपना मानता है और उनकी सफलता में अपनी सफलता देखता है। हमारा संकल्प — शिक्षित, संगठित और सशक्त समाज है।  आज आवश्यकता है कि हम मिलकर ऐसे समाज का निर्माण करें, जहाँ—प्रत्येक प्रतिभाशाली विद्यार्थी को उसकी योग्यता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिले।

समाज के युवा डॉक्टर, इंजीनियर, प्रोफेसर, वैज्ञानिक, उद्यमी और उच्च प्रशासनिक अधिकारी बनें। प्रशासनिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में समाज का प्रतिनिधित्व सशक्त हो। हमारी मातृशक्ति और युवा पीढ़ी शिक्षा, नेतृत्व एवं सामाजिक विकास में अग्रणी भूमिका निभाएँ। हमें ऐसा समाज बनाना है, जहाँ किसी विद्यार्थी को केवल इसलिए अपने सपनों से समझौता न करना पड़े कि उसके परिवार के पास पर्याप्त आर्थिक संसाधन नहीं हैं। मैं अपने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपकी प्रतिभा आपकी सबसे बड़ी पूँजी है और आपका परिश्रम आपकी सबसे बड़ी शक्ति। समाज की संस्थाएँ, केंद्रीय नेतृत्व और भामाशाह आपके मार्ग को प्रशस्त करने के लिए आगे आ रहे हैं। आप बस अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें, निरंतर परिश्रम करें और अवसरों का लाभ उठाएँ। स्वर्णकार एजुकेशन ट्रस्ट, मैढ़ ट्रस्ट, पुष्कर ट्रस्ट, केंद्रीय नेतृत्व तथा उन सभी उदारमना भामाशाहों को हृदय से नमन करता हूँ, जो समाज की शैक्षिक उन्नति के लिए अपना समय, संसाधन और सहयोग समर्पित कर रहे हैं। समाज के सभी बंधुओं से आग्रह है कि तीर्थराज पुष्कर की यात्रा के अवसर पर अपने समाज भवन में ठहरने को प्राथमिकता दें , ताकि हमारे अपने संस्थानों को भी प्रोत्साहन मिले और समाज की सामूहिक संपत्ति एवं व्यवस्थाएँ और अधिक सुदृढ़ बनें। आइए, हम सब मिलकर एक ऐसा भविष्य बनाएँ, जहाँ प्रतिभा को अवसर मिले, परिश्रम को सम्मान मिले, शिक्षा को प्रोत्साहन मिले और हर युवा गर्व से कह सके—मेरा समाज मेरे साथ है!

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें