विद्यार्थियों को निवेश के लाभ, वित्तीय साक्षरता एवं पूंजी बाजार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं
राखी पुरोहित. जोधपुर
विश्व निवेशक सप्ताह के तहत जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के सांयकालीन अध्ययन संस्थान में निवेश जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में मुकेश बंसल, संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष एवं विशेषज्ञ वक्ता ने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) की ओर से विद्यार्थियों को निवेश के लाभ, वित्तीय नियोजन, पूंजी बाजार तथा सुरक्षित एवं जागरूक निवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की।
सेमिनार का आयोजन सांयकालीन अध्ययन संस्थान के निदेशक डॉ. कृष्ण अवतार गोयल के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वित्तीय साक्षरता विकसित करना तथा उन्हें बचत, निवेश और आर्थिक नियोजन के प्रति जागरूक बनाना था।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को निवेश के विभिन्न विकल्पों, सोच-समझकर निवेश करने, जोखिमों को समझने तथा वित्तीय निर्णय लेते समय सावधानी बरतने के महत्व के बारे में बताया गया। वक्ता ने विद्यार्थियों की निवेश संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें वित्तीय जागरूकता अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सेमिनार में डॉ. रजनीकांत त्रिवेदी, डॉ. अब्दुल्लाह खालिद, डॉ. अक्षय कटियार, डॉ. टी.वी. व्यास, डॉ. हेमसिंह, डॉ. शाहिद, डॉ. संदीप तथा डॉ. दुर्गेश कच्छवाह सहित संस्थान के शिक्षकों ने सहभागिता निभाई। वाणिज्य, विज्ञान एवं कला संकाय के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर निवेश से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए निवेश संबंधी प्रश्नों के सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को उपहार भेंट किए गए। इससे विद्यार्थियों में विषय के प्रति रुचि बढ़ी और उन्होंने अपनी जिज्ञासाओं को खुलकर प्रस्तुत किया।
सेमिनार के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि सही जानकारी, उचित वित्तीय योजना और जागरूकता के साथ निवेश करना आर्थिक भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रकार का आयोजन विद्यार्थियों को व्यावहारिक वित्तीय ज्ञान प्रदान करने तथा उन्हें जिम्मेदार निवेशक बनाने में उपयोगी सिद्ध हुआ।







