व्यापारियों की समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा, दीपावली से पहले सड़क एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन
राखी पुरोहित. जोधपुर
जोधपुर व्यापार महासंघ की ओर से महासंघ के अध्यक्ष नवीन सोनी की अध्यक्षता में जोधपुर नगर निगम के महापौर प्रसन्नचंद मेहता का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर जोधपुर के विभिन्न बाजारों एवं व्यापारिक संस्थाओं के पदाधिकारी और व्यापारीगण उपस्थित रहे। जोधपुर व्यापार महासंघ से 80 से अधिक व्यापारिक संस्थाएं जुड़ी हुई हैं, जो शहर के व्यापारिक समुदाय का प्रतिनिधित्व करती हैं। कार्यक्रम में व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को महापौर के समक्ष प्रमुखता से रखा गया। इसमें अतिक्रमण, खराब सड़कें, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, बाजारों की मूलभूत सुविधाएं एवं अन्य नागरिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
व्यापारियों ने बताया कि शहर के प्रमुख बाजारों में सड़क एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य नागरिक सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता है। साथ ही अतिक्रमण की समस्या के कारण बाजारों में आने वाले व्यापारियों एवं आमजन को होने वाली परेशानियों से भी महापौर को अवगत कराया गया।
महापौर प्रसन्न चंद मेहता ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने विशेष रूप से दीपावली से पहले शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था एवं सड़कों को दुरुस्त करवाने का आश्वासन दिया, ताकि दीपावली के त्योहार के दौरान बाजारों में आने वाले व्यापारियों एवं आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर जोधपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष नवीन सोनी ने कहा कि व्यापारी वर्ग शहर की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और व्यापारियों की सुविधाओं के साथ-साथ आमजन की सुविधाओं का ध्यान रखना भी आवश्यक है। नगर निगम एवं व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय से शहर की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सकता है।
महासंघ की ओर से यह भी कहा गया कि जोधपुर व्यापार महासंघ और जोधपुर नगर निगम संयुक्त रूप से व्यापारी एवं आमजन के हित में कार्य करेंगे। शहर के विकास, स्वच्छता, सड़क, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर आपसी समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा।







