
राजस्थानी लोक संस्कृति, पारंपरिक मांडणों और पुष्प वर्षा से सजा गोल बिल्डिंग चौराहा, लोक धुनों से गूंजा वातावरण
मनोज बोहरा. जोधपुर
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा जोधपुर में दिनांक 12 से 15 नवंबर तक आयोजित किए जा रहे चार दिवसीय ‘मरुनिनाद’ घोष शिविर के अंतर्गत शनिवार, 14 नवंबर को निकाले गए भव्य घोष पथ संचलन का गोल बिल्डिंग चौराहे पर कला एवं संस्कृति को समर्पित संस्था संस्कार भारती द्वारा आत्मीयता एवं उत्साह के साथ स्वागत किया गया।
इस अवसर पर संस्कार भारती की ओर से गोल बिल्डिंग चौराहे को विशेष रूप से राजस्थानी लोक संस्कृति की थीम पर सजाया गया। चौराहे के चारों ओर पारंपरिक राजस्थानी मांडणा शैली में आकर्षक चित्रांकन किया गया, जिसने पूरे क्षेत्र को राजस्थान की समृद्ध लोक कला और सांस्कृतिक परंपराओं के रंगों से सजा दिया। पारंपरिक कलात्मक सजावट के माध्यम से राजस्थान की लोक विरासत को प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया।
पथ संचलन के गोल बिल्डिंग चौराहे पर पहुंचने से पूर्व संस्कार भारती से जुड़े कलाकारों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा बैंड वादन की प्रस्तुति दी गई। इसमें राजस्थानी लोक धुनों का वादन किया गया, जिससे वातावरण संगीतमय हो उठा। घोष वाद्य यंत्रों की स्वर लहरियों और राजस्थानी लोक संगीत के अनूठे संगम ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
जैसे ही स्वयंसेवकों का पथ संचलन गोल बिल्डिंग चौराहे पर पहुंचा, संस्कार भारती के कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। चौराहे के चारों ओर उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक पुष्प अर्पित किए। पारंपरिक राजस्थानी सजावट, मांडणा चित्रांकन, लोक धुनों और पुष्प वर्षा ने स्वागत स्थल को विशेष सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान किया।
संस्कार भारती द्वारा किए गए इस आयोजन में कला, लोक परंपरा और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का सुंदर समन्वय देखने को मिला। संस्था के कार्यकर्ताओं ने आयोजन स्थल की सजावट से लेकर लोक संगीत की प्रस्तुति एवं स्वयंसेवकों के स्वागत तक विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय सहभागिता निभाई।
मरुनिनाद के अंतर्गत निकले इस घोष पथ संचलन में स्वयंसेवकों की कदमताल और घोष वाद्यों की सामूहिक स्वर लहरियों ने शहर के वातावरण को गुंजायमान किया। गोल बिल्डिंग चौराहे पर संस्कार भारती द्वारा प्रस्तुत राजस्थानी सांस्कृतिक स्वागत इस आयोजन का एक विशेष आकर्षण रहा।








