डॉ सुनयना राठौड़ ने बताया कि मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट, नामी आइलैंड आर्ट्स एंड एजुकेशन तथा सारंग सृजन फाउंडेशन के सांस्कृतिक सहयोग से आयोजित इस समारोह में राजस्थान के लोकनृत्य, लोकसंगीत, कला और ऐतिहासिक विरासत के माध्यम से भारत और दक्षिण कोरिया के बीच सांस्कृतिक संबंधों को प्रोत्साहित किया गया।
उदित भास्कर. जोधपुर
दक्षिणी कोरिया के नामी आइलैंड में मेहरानगढ़ ट्रस्ट की और से ” द किंगडम ऑफ द सन “प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। पूर्व नरेश गजसिंह और महारानी हेमलता राज्ये ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राजस्थान की गौरवशाली परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से दक्षिण कोरिया के नामी आइलैंड पर राजस्थान फेस्टिवल का आयोजन किया गया।

मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट की क्यूरेटर डॉ. सुनयना राठौड़ ने बताया कि नामी आइलैंड में राजस्थान फेस्टिवल 2026 में मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट द्वारा ” द किंगडम ऑफ द सन ” प्रदर्शनी का आयोजन किया गया । प्रदर्शनी का उद्घाटन पूर्व नरेश गज सिंह व महारानी हेमलता राज्ये द्वारा किया गया ।

डॉ सुनयना राठौड़ ने बताया कि मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट, नामी आइलैंड आर्ट्स एंड एजुकेशन तथा सारंग सृजन फाउंडेशन के सांस्कृतिक सहयोग से आयोजित इस समारोह में राजस्थान के लोकनृत्य, लोकसंगीत, कला और ऐतिहासिक विरासत के माध्यम से भारत और दक्षिण कोरिया के बीच सांस्कृतिक संबंधों को प्रोत्साहित किया गया।

समारोह में जोधपुर के पूर्व नरेश गज सिंह द्वितीय और जोधपुर की महारानी हेमलता राज्ये की गरिमामयी उपस्थिति ने राजस्थान की राज परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के प्रतिनिधित्व को विशेष महत्व प्रदान किया। उन्होंने राजस्थान की ऐतिहासिक परंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों और विरासत के संवाहक के रूप में प्रदेश की विशिष्ट पहचान को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने का प्रतिनिधित्व किया। उनकी उपस्थिति ने राजस्थान की परंपराओं और भारत-दक्षिण कोरिया के बीच सांस्कृतिक संवाद के महत्व को रेखांकित किया।
नामी आइलैंड के इको स्टेज पर आयोजित उद्घाटन समारोह में पूर्व नरेश गज सिंह द्वितीय ने अपने संबोधन में राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, भारत की विविधतापूर्ण विरासत और कला एवं संस्कृति के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय संबंधों को सुदृढ़ करने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सांस्कृतिक आदान-प्रदान को विभिन्न देशों के लोगों के बीच पारस्परिक समझ और मैत्री विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम में भारत के दक्षिण कोरिया स्थित दूतावास के उप मिशन प्रमुख निशिकांत सिंह, नामी आइलैंड के चेयरमैन वूंग-किह मिन, वाइस चेयरपर्सन सुश्री क्ये-यंग ली, नामी आइलैंड के सीईओ केनी मिन, नामी आइलैंड आर्ट्स एंड एजुकेशन के सीईओ फ्रेड मिन, सियोल नेशनल यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर साउथ एशियन स्टडीज के निदेशक सुंग-योंग कांग तथा कोरिया में इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स के चेयरमैन रमेश अय्यर सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
राजस्थानी लोक नृत्य की रही शानदार प्रस्तुति
उद्घाटन समारोह में राजस्थानी लोकनृत्य की प्रस्तुति ने दर्शकों को प्रदेश की जीवंत लोक संस्कृति से परिचित कराया। इसके साथ ही SAZ के कलाकारों ने राजस्थान की पारंपरिक संगीत विरासत को अपनी प्रस्तुति के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुँचाया। इन प्रस्तुतियों ने राजस्थान की लोककलाओं की विशिष्टता और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं की विविधता को प्रदर्शित किया। समारोह में मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट की क्यूरेटर डॉ सुनयना राठौड़ ने “किंगडम ऑफ द सन ” का परिचय प्रस्तुत किया, जबकि डॉ. प्रियंका व्यास, निदेशक, सारंग सृजन फाउंडेशन ने जोधपुर गार्डन का परिचय दिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जोधपुर की सांस्कृतिक पहचान, ऐतिहासिक विरासत और भारत-दक्षिण कोरिया के बीच सांस्कृतिक सहयोग के प्रयासों को रेखांकित किया गया। राजस्थान फेस्टिवल का उद्देश्य राजस्थान की कला, लोकसंगीत, नृत्य और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाना तथा भारत और दक्षिण कोरिया के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान के नए अवसर विकसित करना है। नामी आइलैंड पर आयोजित यह समारोह राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने और दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।







