जब युवा बने दादा-दादी के हमउम्र, हंसी-खुशी से खिल उठा अनुबंध वृद्धजन कुटीर

SHARE:

द हैप्पी फॉक्स क्लब की यंग टीम ने बुजुर्गों के साथ गेम्स, डांस और अंताक्षरी में जमाया रंग, पीढ़ियों के बीच बना अपनत्व का खूबसूरत सेतु

दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर 

उम्र भले ही वर्षों से गिनी जाती है, लेकिन खुशियां उम्र की मोहताज नहीं होतीं। कभी किसी युवा की शरारत दादा-दादी के चेहरे पर मुस्कान ला देती है तो कभी किसी बुजुर्ग की खिलखिलाहट युवाओं को बचपन की याद दिला देती है। ऐसा ही खुशनुमा और भावुक माहौल देखने को मिला अनुबंध वृद्धजन कुटीर में, जहां द हैप्पी फॉक्स क्लब की 18-19 वर्ष की यंग टीम ने दादा-दादी और नाना-नानी के साथ मिलकर खूब मस्ती की और यादगार पल बिताए।

कार्यक्रम में युवाओं और बुजुर्गों के बीच उम्र का अंतर कहीं दिखाई नहीं दिया। गेम्स, डांस और अंताक्षरी ने माहौल में ऐसी मिठास घोली कि हर चेहरा मुस्कुराता नजर आया। युवाओं ने बुजुर्गों को खेलों में शामिल किया, उनके साथ हंसी-मजाक किया और डांस के दौरान कदम से कदम मिलाए। अंताक्षरी में पुराने फिल्मी गीतों की यादें ताजा हुईं तो युवाओं ने भी नए गीतों के साथ अपनी पसंद साझा की। गीतों के बहाने दो पीढ़ियां एक-दूसरे के और करीब आती चली गईं।

यह आयोजन केवल मनोरंजन का अवसर नहीं था, बल्कि पीढ़ियों के बीच संवाद और अपनत्व का सेतु भी बना। आज की नई जनरेशन को अक्सर मोबाइल, सोशल मीडिया और अपनी दुनिया में खोई हुई पीढ़ी कहा जाता है, लेकिन द हैप्पी फॉक्स क्लब के युवाओं ने साबित किया कि युवा केवल अपने लिए जीना नहीं जानते, बल्कि वे दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने की ताकत और संवेदना भी रखते हैं।

कार्यक्रम के पीछे यही भावना थी कि बुजुर्गों के साथ कुछ घंटे बिताकर उन्हें खुशी दी जाए और उनसे जीवन के अनुभवों की सीख भी ली जाए। युवाओं के लिए यह मुलाकात जहां सेवा और संवेदना का अनुभव बनी, वहीं बुजुर्गों के लिए यह अपनेपन और परिवार जैसी गर्माहट लेकर आई।

अनुबंध वृद्धजन कुटीर की संचालिका अनुराधा अडवानी और नरेंद्र अडवानी ने द हैप्पी फॉक्स क्लब की पूरी यंग टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवाओं ने अपना कीमती समय बुजुर्गों के साथ बिताकर उनके जीवन में खुशियों के रंग भर दिए। ऐसी पहलें केवल एक दिन को यादगार नहीं बनातीं, बल्कि समाज में संवेदना, संस्कार और रिश्तों की गर्माहट को भी मजबूत करती हैं।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें