परम पूज्य भक्ति आश्रय वैष्णव स्वामी महाराज करेंगे कथा; राधाष्टमी पर अभिषेक, कीर्तन और नाट्य प्रस्तुति
उदित भास्कर . जोधपुर
श्रीराधाष्टमी के पावन अवसर पर इस्कॉन जोधपुर मंदिर में 17 से 20 सितंबर तक चार दिवसीय कथा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर परम पूज्य भक्ति आश्रय वैष्णव स्वामी महाराज जोधपुर पधारेंगे और श्रद्धालुओं को श्रीराधारानी की महिमा का रसपान कराएंगे। प्रतिदिन शाम 6:30 से 8:30 बजे तक कथा होगी, जिसके पश्चात सभी उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। महोत्सव में सैकड़ों श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।
19 सितंबर को श्रीराधाष्टमी महोत्सव विशेष उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। मंदिर में सुबह 10 बजे कीर्तन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। सुबह 11 बजे श्रीराधारानी का अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा भक्तिमय नाट्य प्रस्तुति दी जाएगी। दोपहर में परम पूज्य भक्ति आश्रय वैष्णव स्वामी महाराज श्रीराधारानी की महिमा पर विशेष कथा करेंगे। कार्यक्रम के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसी दिन शाम 6:30 से 8:30 बजे तक कथा भी होगी।
महोत्सव के अंतर्गत रविवार, 20 सितंबर को शाम 4 से 7 बजे तक ‘उद्घोष’ युवा उत्सव आयोजित किया जाएगा। युवाओं को आध्यात्मिकता, सकारात्मक जीवनशैली और सेवा से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है और बड़ी संख्या में उनके पहुंचने की संभावना है।
युवा उत्सव में कृष्णाज बैंड के साथ रिपुदमन जोशी की संगीतमय भजन प्रस्तुति विशेष आकर्षण रहेगी। गोसेवक रौनक चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और युवाओं के साथ गोसेवा का महत्त्व साझा करेंगे। परम पूज्य भक्ति आश्रय वैष्णव स्वामी महाराज युवाओं को प्रेरणादायी मार्गदर्शन देंगे। कार्यक्रम में नाट्य प्रस्तुति भी होगी तथा सभी प्रतिभागियों के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। इस्कॉन जोधपुर ने श्रद्धालुओं, युवाओं और शहरवासियों को इन आयोजनों में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया है।





