उदित भास्कर. जोधपुर
जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करने तथा ‘विकसित भारत-विकसित राजस्थान’ के लक्ष्य की दिशा में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘विकसित भारत-जन सेवा अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने अभियान के प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए थे।
अभियान के समन्वय के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा को नोडल अधिकारी तथा संयुक्त निदेशक, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग महेंद्र चौधरी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिले में विभिन्न ब्लॉक पर आज शाम आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम
अभियान के तहत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अंतर्गत सायं 7 बजे जिलेभर में घरों पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा।
साथ ही जोधपुर जिले के विभिन्न ब्लॉकों में “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला परिषद, जोधपुर द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले के कुल 14 ब्लॉकों में ब्लॉकवार कार्यक्रम स्थलों का निर्धारण किया गया है। लूणी ब्लॉक में आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम शिकारपुरा में आयोजित होगा। वहीं धवा ब्लॉक का कार्यक्रम धवा में होगा। केरू ब्लॉक में कार्यक्रम बड़ली तालाब तथा मंडोर ब्लॉक में बनाड़ तालाब में आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार बिलाड़ा ब्लॉक का कार्यक्रम पिचियाक में तथा पीपाड़ शहर ब्लॉक का कार्यक्रम चिरढाणी में आयोजित होगा। भोपालगढ़ ब्लॉक में कार्यक्रम उस्तरा और बावड़ी ब्लॉक में बावड़ी में आयोजित किया जाएगा। तिंवरी ब्लॉक में आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम मांडियाई खुर्द में आयोजित होगा, जबकि ओसियां ब्लॉक का कार्यक्रम सच्चियाय माता मंदिर में होगा। शेरगढ़ ब्लॉक में कार्यक्रम शेरगढ़ तथा बालेसर ब्लॉक में आगोलाई में आयोजित किया जाएगा। सेखाला ब्लॉक का कार्यक्रम सेखाला में तथा चामू ब्लॉक का कार्यक्रम चामू में आयोजित होगा। इस प्रकार 17 सितंबर को जिले के विभिन्न ब्लॉकों में निर्धारित स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसी दिन जिला एवं ब्लॉक स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित कर 500 यूनिट रक्त संग्रहण का लक्ष्य रखा गया है। ‘मेरे सपनों का भारत-चित्रसेवा’ के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक विद्यालयों में चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सादड़ी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा की कहानी के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित व्यक्तियों परिवारों के लिए वीडियो फोटो तैयार करवाए जाएंगे तथा राजीविका के डिजिटल दीदी की मदद से वीडियो रील को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया जाएगा। 18 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में वीडियो वॉल एवं ई-मित्र प्लस के माध्यम से प्रेरणादायी गतिविधियों का प्रसारण किया जाएगा। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत 18 सितंबर से 25 सितंबर तक ग्रामीण क्षेत्र में तथा 22 सितंबर से 17 अक्टूबर तक शहरी क्षेत्र में क्रमशः पंचायत समिति मुख्यालयों एवं नगरीय निकायों में शिविर आयोजित कर आमजन को विभिन्न राजकीय योजनाओं एवं सेवाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
इसी क्रम में 25 से 27 सितंबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा सहयोगिनियों का अभिनंदन किया जाएगा। 2 अक्टूबर को ‘सेवा मेरा योगदान’, 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ तथा अभियान अवधि में 24 सितंबर तथा 11 अक्टूबर को ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ एवं ‘सुशासन सेवा संवाद’ , 11 से 15 अक्टूबर तक सेवा फर्स्ट इन्नोवेशन चैलेंज सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान के तहत आयोजित होने वाले शिविरों में आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का नियमानुसार समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण किया जाए। उपखंड अधिकारी अपने स्तर पर शिविर प्रभारी नियुक्त करेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज विभाग तथा शहरी क्षेत्रों में स्वायत्त शासन विभाग नोडल विभाग के रूप में कार्य करेंगे।





