उदित भास्कर. जोधपुर
कमला नेहरू नगर स्थित भारत समन्वय धाम लक्ष्मीनारायण मंदिर में ओम भगवत सत्संग परिवार के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय दिव्य श्री हनुमान कथा एवं भरत चरित्र के दूसरे दिन मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। 14 से 20 सितंबर तक आयोजित हो रही कथा प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक हो रही है। कथा में कथावाचक परम पूज्य रामस्नेही संत श्री अर्जुन राम महाराज ने ‘भगवान पर परम विश्वास’ विषय पर प्रवचन दिए।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि परम पूज्य महंत श्री राम प्रसाद महाराज एवं पूज्य संत तारा देवी जी का सान्निध्य रहा। संतों ने ऋषि पंचमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सप्त ऋषियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कथा मंच से वृंदावन स्थित परम पूज्य मलूक पीठाधीश्वर एवं अग्रपीठाधीश्वर संत राजेंद्र दास महाराज के जन्मोत्सव पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। संतों और श्रद्धालुओं ने उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की मंगल कामना की।
महाराज श्री ने कथा के दौरान कहा कि जब भक्त पूरी तरह प्रभु के चरणों में समर्पित हो जाता है, तो ईश्वर स्वयं उसका योग-क्षेम वहन करते हैं। इस प्रसंग पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और पांडाल ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गूंज उठा। कथा के समापन पर संगीतमय आरती हुई, जिसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।






