वरिष्ठ व सदाबहार भजन गायक चंद्रसिंह गहलोत (चंदुमामा), महेंद्र सिंह पंवार, पंकज बिंदास, युवा व उभरता कलाकार सोहम सिंह गहलोत, अनामिका सिसोदिया, मंजू डागा, नेहा मुंदड़ा, राकेश राठी द्वारा भजनों की सरिता प्रवाहित की गई
पंकज जांगिड़. जोधपुर
भाद्रपद मास शुक्ल पक्ष के उपलक्ष्य में रेजीडेंसी रोड, रिक्तियां भैरुजी चौराहा स्थित लगभग तीन सौ वर्ष प्राचीन श्री रिक्तेश्वर भैरवनाथ मंदिर में हर वर्ष की भांति इस बार भी वार्षिकोत्सव श्रद्धापूर्वक व हर्षोल्लास से मनाया गया। कलयुग के अलोकिक देव रिक्तेश्वर भेरवनाथ के दर्शनार्थ दिनभर भक्तों का आवागमन रहा। सभी ने प्रसाद का भोग लगाकर सुख-समृद्धि की मंगल कामना की।

कार्यक्रम संयोजक मनोहरलाल भाटी व कमलकिशोर भाटी ने बताया कि इस अवसर पर मंदिर में ऋतु पुष्पों, फूलमंडली व आकर्षक रोशनी से सजावट के साथ देव प्रतिमाओं का मनोरम श्रृंगार किया गया। सुबह ध्वजारोहण व दिनभर तेलाभिषेक के साथ शाम को मध्यरात्रि तक भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें सोहम भजन मंडली के वरिष्ठ व सदाबहार भजन गायक चंद्रसिंह गहलोत (चंदुमामा), महेंद्र सिंह पंवार, पंकज बिंदास, युवा व उभरता कलाकार सोहम सिंह गहलोत, अनामिका सिसोदिया, मंजू डागा, नेहा मुंदड़ा, राकेश राठी द्वारा भजनों की सरिता प्रवाहित की गई और भैरवनाथ व देवी-देवताओं की महिमा का गुणगान किया गया, जिन पर भक्त झूमते नजर आए। कमलेश पुरोहित ‘निराला, बाबु झंवर, सुरेंद्र परिहार प्रेमराज सुथार व संजय ने संगीतमय प्रस्तुति दी।








