श्रमिक अधिकारों की लड़ाई तेज करने का आह्वान, एआईसीसीटीयू का संभागीय कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न

SHARE:

औद्योगिक संस्थानों की बंदी, बेरोजगारी और निजीकरण के खिलाफ व्यापक संघर्ष की जरूरत बताई; ठेका प्रथा और शोषण के मुद्दे भी उठे

दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर 

ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियन्स (एआईसीसीटीयू) का संभागीय कार्यकर्ता सम्मेलन रविवार को जोधपुर में संपन्न हुआ। सम्मेलन में श्रमिक अधिकारों की रक्षा, मजदूर आंदोलनों को मजबूत करने और पूंजीवादी नीतियों के खिलाफ व्यापक संघर्ष खड़ा करने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि औद्योगिक संस्थानों की बंदी, बढ़ती बेरोजगारी और निजीकरण की नीतियां श्रमिक वर्ग के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी कर रही हैं। ऐसे में मजदूरों को संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा।

रेजीडेंसी रोड स्थित गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र के गांधी भवन सभागार में आयोजित सम्मेलन में जोधपुर संभाग के जोधपुर, पाली, जैतारण, जैसलमेर, बाड़मेर, गोटन, ब्यावर और रास सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

सम्मेलन का उद्घाटन राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड एमवी रेड्डी ने किया। इससे पहले वरिष्ठ पोलित ब्यूरो सदस्य कॉमरेड कुलदीप सिंह ने झंडारोहण की रस्म अदा की। सम्मेलन में संगठन की गतिविधियों, श्रमिक आंदोलनों की वर्तमान स्थिति और भविष्य की रणनीति पर चर्चा हुई।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि औद्योगिक संस्थानों के बंद होने से लाखों श्रमिक बेरोजगार हुए हैं। इसके साथ ही पूंजीवाद के विस्तार और निजीकरण की नीतियों ने श्रमिकों के सामने नई चुनौतियां पैदा कर दी हैं। वक्ताओं ने कहा कि मजदूर वर्ग को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। यह लड़ाई केवल किसी एक उद्योग या संस्थान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि व्यापक श्रमिक आंदोलन का रूप लेना चाहिए।

महासचिव कॉमरेड गोपीकिशन ने अपने संबोधन में श्रम कानूनों के लाभ श्रमिकों तक पहुंचाने, न्यूनतम वेतन में वृद्धि, महंगाई पर रोक, ठेका प्रथा पर रोक लगाने, बेरोजगारी समाप्त करने और खाद्यान्न वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि रोकने के लिए श्रमिक आंदोलनों को मजबूत करने का आह्वान किया।

उन्होंने ठेकेदारी प्रथा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इससे श्रमिक वर्ग दोहरे शोषण का शिकार हो रहा है। श्रमिकों को उनके अधिकारों और सुविधाओं से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं को लेकर संगठन को व्यापक स्तर पर संघर्ष करना होगा।

सम्मेलन में वक्ताओं ने शोषण और उत्पीड़न से मुक्ति के लिए संघर्ष को व्यापक बनाने की जरूरत बताई। उनका कहना था कि वर्तमान व्यवस्था में श्रमिकों के हितों की अनदेखी हो रही है। इसके खिलाफ संगठित आंदोलन ही प्रभावी विकल्प बन सकता है।

वक्ताओं ने साम्राज्यवादी नीतियों और पूंजीवादी व्यवस्था की आलोचना करते हुए कहा कि मजदूरों, किसानों और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए व्यापक एकजुटता जरूरी है। उन्होंने वामपंथी जनवादी ताकतों को मजबूत करने पर भी जोर दिया।

सम्मेलन में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड एमवी रेड्डी, महासचिव कॉमरेड गोपीकिशन, कॉमरेड कुलदीप सिंह, कॉमरेड बुजकिशोर, कॉमरेड नदीम खान, रामपाल सैनी, विरेंद्र चौधरी, टीएन तिवारी, वहीदुद्दीन, हबीबुर्रहमान, राजाराम, फिरोज खान सिंधी, अनवर हुसैन, राजेंद्र सिंह और बाबू देवासी सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने विचार रखे।

आंध्रप्रदेश से चंद्र राव, तेलंगाना से चंद्रशेखर, बिहार से मनोजगंज, पंजाब से मक्खन सिंह और सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भी सम्मेलन में भाग लिया और श्रमिक आंदोलनों से जुड़े अनुभव साझा किए।

सम्मेलन को संभागीय अध्यक्ष कॉमरेड बुजकिशोर और कॉमरेड चंद्र राव ने संयुक्त रूप से संबोधित किया। सम्मेलन का समापन जनवादी और इंकलाबी नारों के साथ हुआ।

सम्मेलन में इस बात पर सहमति व्यक्त की गई कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा, ठेका प्रथा के खिलाफ संघर्ष, न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों को और व्यापक बनाया जाएगा।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें