जोधपुर स्टेशन पर एसआइजी की बैठक में व्यवस्थाओं की समीक्षा
उदित भास्कर. जोधपुर
रामदेवरा मेले के मद्देनजर रेलवे ने जातरुओं की सुविधा,सुगम आवागमन और सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं । शुक्रवार को रेलवे अधिकारियों ने जोधपुर रेलवे स्टेशन का जायजा लेकर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान रामदेवरा आवागमन के लिए संचालित ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ की स्थिति का जायजा लिया गया तथा आवश्यकतानुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जोधपुर मंडल के सर्विस इंप्रूवमेंट ग्रुप की स्टेशन पर आयोजित बैठक में रामदेवरा मेले के दौरान यात्री सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने रामदेवरा जाने वाले जातरुओं के लिए टिकट की सुगम उपलब्धता और खानपान इकाइयों की व्यवस्था की मौके पर जांच की। साथ ही यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार बैठक में स्टेशन पर पेयजल,साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था,यात्री आवागमन,सूचना एवं सहायता तथा भीड़ प्रबंधन के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मेले के दौरान बढ़ने वाले यात्री दबाव को देखते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने और जरूरत के अनुसार व्यवस्थाओं को तत्काल सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पिछली बैठक के कार्यवृत्त में लिए गए निर्णयों एवं कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। लंबित बिंदुओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने तथा यात्रियों से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव सहित सर्विस इंप्रूवमेंट ग्रुप के अनेक सदस्यों ने भाग लिया। अधिकारियों ने मेले के दौरान यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा करने तथा यात्रियों को सुविधाजनक एवं सुरक्षित रेल यात्रा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।








