स्कूली बच्चों ने चित्रों के माध्यम से दिया स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश
उदित भास्कर. जोधपुर
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के अंतर्गत स्कूली बच्चों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को ज्ञानोदय इंग्लिश मीडियम स्कूल में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ रेलवे परिसर जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर स्वच्छता के प्रति अपने विचारों को रचनात्मक रूप से अभिव्यक्त किया। इस दौरान बच्चों के लिए स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
कार्यक्रम में बच्चों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिभावान बच्चों को प्रतिदिन पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर रखने का संदेश दिया गया।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जोधपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं रेलवे परिसरों में स्वच्छता जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य रेलकर्मियों के साथ-साथ यात्रियों, विद्यार्थियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों को स्वच्छता अभियान से जोड़ना महत्वपूर्ण है। बच्चों के माध्यम से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश परिवार और समाज तक प्रभावी रूप से पहुंचता है। इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां बच्चों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने में सहायक हैं।








