राजस्थान से दक्षिण भारत दर्शन का मौका, सीकर से 21 अक्टूबर को चलेगी भारत गौरव ट्रेन

SHARE:

जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ से भी यात्री कर सकेंगे सवारी, 12 दिन में पांच प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन

दिलीप कुमार पुरोहित. जयपुर 

राजस्थान के यात्रियों को दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर मिलने जा रहा है। आईआरसीटीसी की भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन 21 अक्टूबर को सीकर जंक्शन से दक्षिण भारत दर्शन यात्रा पर रवाना होगी। ट्रेन जयपुर,अजमेर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ से यात्रियों को लेकर तिरुपति,रामेश्वरम,मदुरै, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराएगी। 12 दिन की यात्रा के बाद ट्रेन 1 नवंबर को सीकर लौटेगी।

आईआरसीटीसी जयपुर के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश सैनी ने बताया कि राजस्थान से दक्षिण भारत की इस विशेष यात्रा में यात्रियों को ट्रेन यात्रा के साथ होटल आवास,भोजन,स्थानीय परिवहन और मंदिर दर्शन की सुविधाएं पैकेज में ही उपलब्ध कराई जाएंगी। ट्रेन वातानुकूलित कोच, आधुनिक किचन-कार और बायो-टॉयलेट्स जैसी सुविधाओं से सुसज्जित होगी।

यात्रियों के बजट के अनुसार दो श्रेणियां रखी गई हैं। स्टैंडर्ड श्रेणी का किराया 37 हजार 810 प्रति व्यक्ति है,जिसमें तृतीय एसी ट्रेन यात्रा,नॉन-एसी आवास और नॉन-एसी बस शामिल है। कंफर्ट श्रेणी का किराया 50 हजार 290 प्रति व्यक्ति है,जिसमें द्वितीय एसी ट्रेन यात्रा के साथ एसी आवास और एसी बस की सुविधा मिलेगी।

यह रहेगा कार्यक्रम

यात्रा के दौरान 24 अक्टूबर को तिरुपति बालाजी,26 अक्टूबर को रामेश्वरम स्थित रामनाथ स्वामी मंदिर,27 अक्टूबर को मदुरै के मीनाक्षी मंदिर, 28 अक्टूबर को कन्याकुमारी भ्रमण तथा 30 अक्टूबर को मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे।

मिलेंगी सुविधाएं

इस यात्रा में कन्फर्म बर्थ,होटल आवास,ब्रेकफास्ट,लंच,डिनर,ट्रांसपोर्टेशन,मंदिर दर्शन और इंश्योरेंस की सुविधा शामिल है। पात्र सरकारी एवं पीएसयू कर्मचारी वित्त मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार एलटीसी सुविधा का लाभ भी उठा सकते हैं। पैकेज की जानकारी और बुकिंग के लिए 8595930998 एवं 8595924336 पर संपर्क किया जा सकता है। बुकिंग आईआरसीटीसी टूरिज्म की वेबसाइट तथा जयपुर स्थित आईआरसीटीसी क्षेत्रीय कार्यालय से भी की जा सकती है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें