सबका ध्यान, सबका विकास : निगम बोर्ड की पहली बैठक…सभी 100 वार्डों को 60-60 लाख के विकास कार्यों की सौगात

SHARE:

प्रसन्न ने किया को अप्रसन्न नहीं किया : महापौर ने पेश किया शहर के विकास का रोडमैप, 14 प्रस्तावों पर लगी मुहर; सफाई, रोशनी, सीवरेज और पार्कों के कायाकल्प पर रहेगा जोर

राखी पुरोहित. सुनील वर्मा. जोधपुर

8302316074 uditbhaskarnews@gmail.com 

नगर निगम के पुनर्गठन के बाद नवगठित बोर्ड की पहली साधारण सभा की बैठक आज महापौर प्रसन्न चंद मेहता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के समग्र विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और जनसेवा को लेकर महापौर ने अपना विजन प्रस्तुत किया। बैठक में विभिन्न विकासात्मक एवं जनहित से जुड़े 14 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई।

महापौर प्रसन्न चंद मेहता ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि जोधपुर के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को सामूहिक प्रयास करने होंगे। सफाई, रोशनी, ड्रेनेज और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य पारदर्शिता के साथ प्राथमिकता से करवाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को जनहित के प्रस्तावों पर तत्परता, ईमानदारी और समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए।

सभी 100 वार्डों में पार्षद की अनुशंसा पर 60 लाख तक के विकास कार्य

महापौर मेहता ने बैठक में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि नगर निगम के सभी 100 वार्डों में बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के समान दृष्टि से विकास कार्य करवाए जाएंगे। प्रत्येक वार्ड में पार्षद की अनुशंसा पर 60 लाख रुपये तक के विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बोर्ड का लक्ष्य शहर के प्रत्येक क्षेत्र में विकास, स्वच्छता और जनसेवा सुनिश्चित करना है।

दीपोत्सव स्वच्छता अभियान में सहयोग के लिए जताया आभार

महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने दीपावली पर्व पर सूर्यनगरी को स्वच्छ और रोशन बनाने में सहयोग देने वाली जनता, सफाई कर्मचारियों, व्यापारिक संगठनों, संस्थाओं और व्यवसायियों का सदन की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से जोधपुर का गौरव देश-प्रदेश ही नहीं, बल्कि विश्व पटल पर भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। नगर निगम में भाजपा को मिले जनसमर्थन से केंद्र, राज्य और स्थानीय निकाय की ट्रिपल इंजन सरकार शहर के विकास को नई गति दे रही है। बोर्ड का लक्ष्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। बैठक में कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी, उप महापौर विजय सिंह पंवार, आयुक्त राहुल जैन सहित पार्षद और निगम अधिकारी मौजूद थे।

100 दिवसीय कार्ययोजना में सफाई और रोशनी पर फोकस

महापौर मेहता ने बताया कि विकास, स्वच्छता और जनसेवा की 100 दिवसीय कार्ययोजना के तहत सभी 100 वार्डों में कार्य किए जा रहे हैं। घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 218 नए वाहन लगाए गए हैं। बाजारों और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में रात के समय विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। शहर की गलियों और सड़कों को रोशन करने के लिए चरणबद्ध तरीके से 6000 एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं, जिनमें से 4000 लाइटें दीपावली से पहले लगाई जा चुकी हैं। यूआरएस व्यवस्था के माध्यम से लाइटों की 24 घंटे निगरानी और खराबी आने पर त्वरित सुधार किया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर हाईमास्ट लाइटें भी लगाई जा रही हैं। संकरी गलियों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, हेरिटेज इलाकों और बाजारों में सफाई के लिए लिटर पिकर मशीनों का उपयोग किया जाएगा। सीवर सफाई, अवरुद्ध लाइनों को खोलने और गाद-मलबा निकालने के लिए जेटिंग, ग्रेबिंग एवं रॉडिंग मशीनों तथा सीवर इंस्पेक्शन कैमरों की खरीद भी प्रस्तावित है।

अमृत 2.0 के तहत 3500 करोड़ का सीवरेज प्रोजेक्ट

महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने बताया कि 16वें वित्त आयोग के विशेष आधारभूत संरचना घटक के तहत राजस्थान के चयनित शहर जयपुर और जोधपुर के लिए व्यापक अपशिष्ट जल प्रबंधन परियोजना में आगामी पांच वर्षों के लिए जोधपुर शहर हेतु 3500 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इसके तहत सांगरिया गांव में 1400 मिलीमीटर व्यास की 1500 मीटर लंबी लाइन की सफाई, सुपर सकर मशीन से डिगाड़ी सर्कल से श्री मोड़ नगर तक 400 मीटर ट्रंक लाइन की सफाई और 500 मैनहोल की रोबोट के माध्यम से सफाई करवाई जाएगी।

50 एमएलडी उपचारित जल का होगा पुनः उपयोग

सीवरेज नीति के अनुरूप उपचारित जल के पुनः उपयोग को बढ़ावा देने के लिए दरें निर्धारित कर पानी उद्योगों तक पहुंचाया जाएगा। सालावास स्थित दोनों एसटीपी इकाइयां 100 एमएलडी क्षमता के साथ संचालित हैं। 50 एमएलडी उपचारित जल के पुनः उपयोग के लिए निविदा जारी कर एम/एस डीईएसपीएल को कार्यादेश दिया गया है। शीघ्र ही कार्य शुरू करवाया जाएगा।

केरू में 8 लाख टन पुराने कचरे का निस्तारण

केरू स्थित डंपिंग यार्ड की 450 बीघा भूमि पर जमा लगभग 8 लाख टन पुराने कचरे का निस्तारण प्रस्तावित है। आगामी 100 दिनों में करीब 3.5 लाख टन पुराने कचरे का निस्तारण करने का लक्ष्य रखा गया है।
शहर में प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले लगभग 600 टन ठोस कचरे के वैज्ञानिक प्रसंस्करण के लिए 600 टीपीडी क्षमता वाले वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का कार्य आगामी 100 दिनों में पूर्ण कर उसे संचालित करने का लक्ष्य है।

‘मेरा वार्ड, आदर्श वार्ड’ अभियान होगा शुरू

महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने निगम की आय बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि राजस्व अर्जन के स्रोतों को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि विकास कार्यों में आर्थिक संसाधनों की कमी बाधा नहीं बने।उन्होंने आगामी दिनों में ‘मेरा वार्ड, आदर्श वार्ड’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत स्वच्छता में अग्रणी रहने वाले प्रथम तीन वार्डों को चिन्हित कर सम्मानित किया जाएगा और वहां विकास के आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाए जाएंगे।

14 प्रस्तावों पर लगी मुहर, शहर के विकास को मिलेगी नई दिशा

बैठक में नगर निगम की आरक्षित दरों के निर्धारण, आधुनिक सफाई उपकरणों की खरीद, फिल्म एवं विज्ञापन शूटिंग शुल्क वसूली का अधिकार पुनः प्राप्त करने, सीज भवनों को खोलने का अधिकार निगम आयुक्त को देने तथा सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में निगम को कार्यकारी एजेंसी बनाने सहित 14 प्रस्ताव पारित किए गए। इसके अलावा प्रत्येक वार्ड में पांच ट्यूबवेल लगाने की राज्य सरकार से अनुशंसा, ऐतिहासिक जलाशयों के पुनर्जीवन, एयरपोर्ट एनओसी की शर्तों में संशोधन, बढ़ते भूजल स्तर की समस्या के समाधान, छोटे पार्कों का रखरखाव समितियों को सौंपने, उद्यान शाखा गठन, जनसंख्या और क्षेत्रफल के आधार पर बजट आवंटन, सरकारी खाली जमीनों के अधिग्रहण तथा कच्ची बस्तियों और सरकारी पट्टों में नाम हस्तांतरण से जुड़े प्रस्ताव भी शामिल रहे। महापौर मेहता ने कहा कि 100 दिवसीय कार्ययोजना केवल घोषणा नहीं, बल्कि शहरवासियों के प्रति संकल्प है। वर्तमान बोर्ड जोधपुर के विकास, स्वच्छता और जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें