काव्य गोष्ठी : देश-प्रेम, पर्यावरण, श्रृंगार, विरह एवं हास्य-व्यंग्य की रचनाओं ने मन मोहा

SHARE:

राखी पुरोहित. जोधपुर 

“काव्य- कलश” की सोलहवीं मासिक गोष्ठी संस्था के वरिष्ठ सदस्य हंसराज बारासा “हंसा” के आवास- आदर्श बस्ती, मंडोर पर संपन्न हुई, जिसमें नगर के दर्जन भर कलमकार दो घंटे तक देश-प्रेम, पर्यावरण, श्रृंगार, विरह एवं हास्य-व्यंग्य विधा में डूबते-उतराते रहे।

गोष्ठी का आगाज उभरते कवि डॉ. उमेश दाधीच ने-“मैं तमाम बस्ती में ढूंढ़ रहा हूं घर अपना” से किया। ओज के कवि राजेश मोहता ने- “क्या रखा है मुर्दा जीवन जीने में” सुनाकर सबको झकझोर दिया। ओमप्रकाश गोयल ‘सायर’ ने-” धोखा मैंने नहीं; तुमने दिया है” सुनाकर गोष्ठी को ऊंचाई बख्शी। कवयित्री दीपिका ‘रुहानी’ ने रुहानी गज़ल- ”कभी फुर्सत मिली तो सोचेंगे” सुनाई। अब्दुल रहीम सांखला ने-”कुछ तो बात रही होगी उनसे बिछड़ने की” सुनाकर नशिस्त को अलग रंग दिया।

जुगल सारस्वत ने अपनी प्रसिद्ध राजस्थानी रचना-“ऐड़ो पछै कांई है” सुनाकर हास्य-रस घोल दिया। हंसराज बारासा ‘हंसा’ ने गजल-“जो जिंदा है, इक दिन तो बेदम भी होगा” परोसी। वरिष्ठ कवि श्याम गुप्ता ‘शान्त’ ने श्रृंगार की सुरीली कविता- “रुनक-झुनक-सी पायल तेरी” सुनाकर माहौल में श्रृंगार-रस घोल दिया। अशफाक अहमद फौजदार ने गज़ल-”लोगों हमने तो ऐसी हरकत नहीं की” पेश की। वरिष्ठतम शायर असरार ‘आहिल’ ने बेहतरीन गज़ल- “मिलने ही जा रहे थे; मेरे लब से उनके होठ, तब मेरी आंख खुल गई; इसका मलाल है”, सुनाकर सबको तरोताजा कर दिया।

प्रसिद्ध टूरिस्ट गाइड डॉ. एम.एल जांगीड़ ने पर्यटकों से संबंधित अपनी अलग रंग की अंग्रेजी कविता-”एवरीबॉडी नोज़ दिस यूनिवर्सल फैक्ट, टूरिज्म इज ए फेथ ऑफ लव एंड रेस्पेक्ट” सुनाकर सबको आनंदित कर दिया। अंत में मेजबान हंसराज बारासा ‘हंसा’ ने पधारे हुए सभी रचनाकारों का अतिथि-सत्कार करते हुए उनका हार्दिक धन्यवाद प्रकट किया।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें