जोधपुर में धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया ख्रीस्त राजा का महापर्व, चार पल्लियों के श्रद्धालुओं ने निकाली यूखारिस्तीय शोभायात्रा

SHARE:

सुनील वर्मा. जोधपुर 

प्रभु यीशु मसीह को सम्पूर्ण सृष्टि का राजा मानते हुए रविवार को जोधपुर में कैथोलिक समाज ने ख्रीस्त राजा का महापर्व बड़े उत्साह, आस्था और भक्तिभाव के साथ मनाया। इस धार्मिक आयोजन में शहर की चार पल्लियों के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने एक साथ भाग लेकर मसीही एकता और सामूहिक विश्वास का परिचय दिया।

ख्रीस्त राजा का पर्व कैथोलिक कलीसिया के धर्मवर्ष का अंतिम रविवार होता है। इस पर्व का मुख्य उद्देश्य यह संदेश देना है कि यीशु मसीह केवल संसार के राजा ही नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा, त्याग और सेवा के प्रतीक हैं। उनका राज्य किसी सांसारिक सत्ता या वैभव पर नहीं, बल्कि सत्य, न्याय, क्षमा और मानवता पर आधारित है। यह पर्व प्रत्येक ईसाई को अपने जीवन में मसीह के आदर्शों को अपनाने और उन्हें अपने परिवार तथा समाज में जीवंत करने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर सेंट थरेसा चर्च, रातानाड़ा; सेंट मदर टेरेसा चर्च, कुड़ी; सेंट सेबेस्टियन चर्च, गंगाना तथा सेंट पायस चर्च, झालामंड के श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आयोजन में सहभागिता की।

धार्मिक शोभायात्रा दोपहर 3:30 बजे सेंट पैट्रिक स्कूल मैदान से शुरू हुई। वहां से यात्रा रित्या भेरूजी सर्किल, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, पीडब्ल्यूडी सर्किल और यूआईटी सर्किल से गुजरते हुए सेंट थरेसा चर्च के कम्युनिटी हॉल पहुंची।

शोभायात्रा का विशेष आकर्षण बच्चों की सहभागिता रही। बच्चों ने पवित्र बाइबल के संदेशों और उद्धरणों से सजे बैनर लेकर प्रभु यीशु की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। इस दौरान छोटे बच्चों से लेकर युवा, महिलाएं और पुरुष सभी पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। उनके साथ फादर एवं धर्मबहनें भी श्रद्धापूर्वक चल रही थीं।

पूरी शोभायात्रा में फादर विशाल खुले वाहन में पवित्र यूखारिस्त (परम प्रसाद) लेकर आगे बढ़े। मार्ग में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से पवित्र रोजरी का पाठ किया तथा विभिन्न प्रार्थनाओं और भक्ति गीतों के माध्यम से प्रभु की महिमा का गुणगान किया। प्रार्थना और भक्ति से ओतप्रोत इस यात्रा ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिकता से भर दिया।

चर्च परिसर पहुंचने के बाद पवित्र यूखारिस्त की विशेष आराधना आयोजित की गई, जिसका संचालन फादर द्वारा किया गया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रभु यीशु के पवित्र सान्निध्य में मौन प्रार्थना, स्तुति और धन्यवाद अर्पित किया।

इसके बाद पर्व के उपलक्ष्य में विशेष पवित्र मिस्सा बलिदान आयोजित किया गया। इसमें फादर ऑबर्ट कार्वाल्हो, फादर क्लेमेंट, फादर कैंटियस लेगौरी, फादर विशाल और फादर एंथनी फर्नांडिस ने सहभागिता की। विभिन्न पल्लियों से पुरोहितों की उपस्थिति ने इस अवसर को और भी विशेष बना दिया तथा आपसी सहयोग और कलीसियाई एकता का संदेश दिया।

समूचा आयोजन इस बात का साक्षी बना कि प्रभु यीशु का संदेश किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रेम, शांति, क्षमा और मानव सेवा के माध्यम से पूरे समाज को जोड़ने की शक्ति रखता है।

ख्रीस्त राजा के इस महापर्व ने श्रद्धालुओं को अपने जीवन में मसीह की शिक्षाओं को अपनाने, जरूरतमंदों की सहायता करने और समाज में सद्भाव एवं भाईचारे को मजबूत बनाने का संदेश दिया।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

दुनिया में बोतलबंद पानी का कारोबार 450 अरब डालर पार, भारत में 3.6 अरब डालर, अच्छा हो सरकार उचित मूल्य की दुकानों पर शुद्ध पानी राशनकार्ड पर फ्री में वितरित करें…लोगों का स्वास्थ्य सुधरेगा, दुआएं देंगे

राज्य

शहर चुनें