दो नए रूट पर मिलेगी एसी इलेक्ट्रिक बसों की सुविधा, पावटा से अक्षरधाम और पेप्सी चौराहे तक होगा सीधा सफर
15 से 30 रुपए होगा किराया, नई बसें जुड़ने के बाद शहर में पीएम ई-बसों की संख्या बढ़कर 23 होगी
सुनील वर्मा. जोधपुर
शहरवासियों के लिए सार्वजनिक परिवहन की सुविधा में एक और बड़ा विस्तार होने जा रहा है। पीएम ई-बस सेवा के तहत बुधवार से शहर में नौ नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर दौड़ेंगी। नगर निगम की ओर से दो नए रूट पर बस संचालन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महापौर प्रसन्नचंद मेहता 25 नवंबर बुधवार को सुबह 10 बजे नगर निगम मुख्यालय से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि नौ नई बसों में से चार बसें पावटा से अक्षरधाम और पांच बसें पावटा से पेप्सी चौराहे के बीच संचालित होंगी। इन सेवाओं के शुरू होने से शहर के प्रमुख क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा। इससे पहले शहर में पीएम ई-बस सेवा के तहत 14 बसों का संचालन हो रहा था। नौ नई बसें जुड़ने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 23 हो जाएगी।
दो नए रूट से शहर के प्रमुख क्षेत्रों को मिलेगी कनेक्टिविटी
पावटा से अक्षरधाम रूट पर चलने वाली बसों से रेलवे स्टेशन, जालोरी गेट और पांचवीं रोड सहित प्रमुख क्षेत्रों के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। वहीं पावटा से पेप्सी चौराहे के रूट पर मिल्कमैन कॉलोनी, खेमा का कुआं, अशोक उद्यान, पाल बालाजी और बोरानाडा क्षेत्र के यात्रियों को सीधा परिवहन विकल्प उपलब्ध होगा।
15 से 30 रुपए तक रहेगा किराया
दोनों नए रूट पर यात्रियों को न्यूनतम 15 रुपए और अधिकतम 30 रुपए किराया देना होगा। निर्धारित स्टॉपेज के माध्यम से बसों का संचालन किया जाएगा। इससे आमजन को निजी वाहनों के बजाय किफायती और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा।
प्रदूषण कम करने की दिशा में भी पहल
कल सुबह 10 बजे महापौर प्रसन्नचंद मेहता नौ इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर संबंधित रूट के वार्डों के पार्षद भी मौजूद रहेंगे। नई बसों के संचालन से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होने के साथ पर्यावरण अनुकूल यातायात को बढ़ावा मिलेगा और शहर में प्रदूषण कम करने की दिशा में भी मदद मिलेगी।






