76 साल…आपदा, संकट, युद्ध, महामारी, त्रासदी : 15.30 लाख करोड़ से ज्यादा खर्च, 140 करोड़ के देश में आकस्मिता निधि अब भी मात्र 30 हजार करोड़!

SHARE:

1950-2026 में राहत कोषों के संचालन, खर्च और पारदर्शिता की स्वतंत्र जांच की जरूरत; अमेरिका का एक एनजीओ ‘द परफैक्ट’ भारत पर कर रहा रिसर्च, एनजीओ के आकलन के अनुसार 20 प्रतिशत राशि भ्रष्टाचार की भेंट, जवाबदेही के सवाल तो सामने आने चाहिए, सरकार श्वेत पत्र जारी करे…। 

भारत में आपदा प्रबंधन के लिए आकस्मिकता निधि के अतिरिक्त अन्य वित्तीय व्यवस्थाएं भी हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया निधि (NDRF), राष्ट्रीय आपदा शमन निधि (NDMF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया निधि (SDRF) और राज्य आपदा शमन निधि (SDMF) की भूमिकाएं अलग-अलग हैं। विदेशी सहायता भी करीब 30 हजार करोड़ से अधिक मिली। 

दिलीप कुमार पुरोहित. नई दिल्ली

9783414079 uditbhaskarnews@gmail.com

भारत दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले देशों में शामिल है। यहां हर साल कहीं बाढ़, कहीं सूखा, कहीं चक्रवात, कहीं भूकंप तो कहीं अन्य प्राकृतिक और मानवीय संकट सरकार के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी करते हैं। इसके अतिरिक्त युद्ध जैसी परिस्थितियां, महामारी, स्वास्थ्य संकट और दूसरी अप्रत्याशित घटनाएं भी सरकारी संसाधनों की परीक्षा लेती हैं। अमेरिकी एनजीओ ‘द परफेक्ट’ के आकलन के अनुसार 76 साल…आपदा, संकट, युद्ध, माहमारी, त्रासदी पर भारत में 15.30 लाख करोड़ से ज्यादा की राशि खर्च हुई। इसमें 20 प्रतिशत से अधिक राशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। यह एक स्टडी है जो एनजीओ की पड़ताल का नतीजा है। इसका आधार एनजीओ ने समय-समय पर भारत सरकारों पर लगे आरोप और कई केस स्टडी को बताया है। वहीं एनजीओ का मानना है कि भारत जैसे देश में जहां वर्तमान में आबादी 140 करोड़ से अधिक है और वहां आकस्मिता निधि अब भी मात्र 30 हजार करोड़ है जो काफी कम है। एनजीओ का आकलन है कि भारत की आबादी 140 करोड़ से अधिक है। यदि ₹30,000 करोड़ को सभी नागरिकों में बराबर बांट दी जाए तो भी प्रति व्यक्ति लगभग ₹214 बैठते हैं। एनजीओ ने सवाल उठाया है कि क्या 214 रुपए आकस्मिता निधि के हिसाब से पर्याप्त है? हालांकि भारत में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया निधि (NDRF), राष्ट्रीय आपदा शमन निधि (NDMF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया निधि (SDRF) और राज्य आपदा शमन निधि (SDMF) की भूमिकाएं अलग-अलग हैं। लेकिन फिर भी भारत को विचार करने की जरूरत है।

यह सवाल आपातकालीन वित्तीय तैयारी, सार्वजनिक धन के उपयोग, राहत वितरण की गति और जवाबदेही का भी है। यदि देश के किसी हिस्से में अचानक बड़ी आपदा आ जाए और उसी समय दूसरे राज्यों में भी संकट पैदा हो जाए, तो सरकार तत्काल वित्तीय आवश्यकताओं को कैसे पूरा करेगी? क्या आकस्मिकता निधि की मौजूदा सीमा पर्याप्त है? क्या अलग-अलग आपदा राहत कोषों का पैसा समय पर जरूरतमंदों तक पहुंचता है? और आजादी के बाद से विभिन्न सरकारों के कार्यकाल में राहत के लिए निर्धारित सार्वजनिक धन के उपयोग का कितना विस्तृत हिसाब जनता के सामने उपलब्ध है? एनजीओ का कहना है कि इन सवालों पर संसद, सरकारी लेखा संस्थाओं, नागरिक समाज और स्वतंत्र गैर-सरकारी संगठनों (NGO) के माध्यम से व्यापक चर्चा की आवश्यकता है।

₹30,000 करोड़ का कोष आखिर है क्या?

भारत की आकस्मिकता निधि यानी Contingency Fund of India का संवैधानिक आधार अनुच्छेद 267(1) है। इसका उद्देश्य ऐसे अप्रत्याशित सरकारी खर्चों के लिए तत्काल धन उपलब्ध कराना है, जिनके लिए संसद की नियमित स्वीकृति प्राप्त करने तक इंतजार करना व्यावहारिक न हो। वित्त वर्ष 2021-22 में इस निधि की निर्धारित राशि बढ़ाकर ₹30,000 करोड़ करने का प्रावधान किया गया था। इस व्यवस्था में सरकार निर्धारित नियमों के अनुसार अग्रिम राशि का उपयोग करती है और बाद में संबंधित व्यय के लिए संसदीय स्वीकृति तथा कोष की भरपाई की प्रक्रिया अपनाई जाती है। गौरतलब है कि इसका अर्थ यह नहीं है कि सरकार हर साल इतनी रकम खर्च करती है या प्रत्येक वित्त वर्ष की शुरुआत में इसके अतिरिक्त ₹30,000 करोड़ जमा किए जाते हैं। यह जानना भी जरूरी है कि किसी समय इसमें वास्तव में कितनी राशि उपलब्ध थी, कितनी राशि अग्रिम के रूप में निकाली गई, किन उद्देश्यों के लिए उपयोग की गई और उसकी भरपाई कब हुई। किसी छोटे क्षेत्र में आई आपदा और एक साथ कई राज्यों में पैदा हुए संकट की जरूरतें अलग-अलग होती हैं। राहत शिविर, अस्थायी आवास, भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, परिवहन, संचार व्यवस्था और जरूरी सरकारी सेवाओं को तत्काल धन की आवश्यकता पड़ सकती है। यदि आपदा के कारण सड़कें, पुल, बिजली व्यवस्था और सार्वजनिक भवन क्षतिग्रस्त हो जाएं, तो राहत के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं को बहाल करने पर भी खर्च करना पड़ता है। इसीलिए ₹30,000 करोड़ की निर्धारित सीमा को अपने आप पर्याप्त मान लेना उचित नहीं होगा। लेकिन इसे निश्चित रूप से अपर्याप्त घोषित करने से पहले वास्तविक निकासी, उपलब्ध शेष राशि, अन्य सरकारी कोषों और संभावित संकटों की लागत का तुलनात्मक अध्ययन आवश्यक है। मुख्य सवाल यह है कि क्या सरकार ने बदलती आर्थिक परिस्थितियों, महंगाई और आपदाओं से उत्पन्न वित्तीय आवश्यकताओं के अनुरूप इस सीमा की पर्याप्तता का नियमित मूल्यांकन किया है?

आकस्मिकता निधि ही सरकार का एकमात्र राहत कोष नहीं

गौरतलब है कि भारत में आपदा प्रबंधन के लिए आकस्मिकता निधि के अतिरिक्त अन्य वित्तीय व्यवस्थाएं भी हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया निधि (NDRF), राष्ट्रीय आपदा शमन निधि (NDMF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया निधि (SDRF) और राज्य आपदा शमन निधि (SDMF) की भूमिकाएं अलग-अलग हैं। पंद्रहवें वित्त आयोग की 2021-22 से 2025-26 की अवधि के लिए निर्धारित सिफारिशों के अनुसार, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया निधि के लिए ₹54,770 करोड़ और राष्ट्रीय आपदा शमन निधि के लिए ₹13,693 करोड़ का आवंटन निर्धारित किया गया था। इसी अवधि में राज्य आपदा प्रतिक्रिया निधि के लिए ₹1,28,122 करोड़ और राज्य आपदा शमन निधि के लिए ₹32,031 करोड़ का आवंटन निर्धारित किया गया था। इन चार मदों में कुल ₹ 2,28,616 करोड़ का प्रबंध किया गया था। विभिन्न कोष एक-दूसरे के पूरक के रूप में काम करते हैं। किसी संकट में कौन-सी राशि किस प्रक्रिया से जारी होती है और राहत के लिए उपलब्ध धन का उपयोग कितनी तेजी से होता है यह परिस्थिति के अनुसार तय होता है।

1950 के बाद राहत कोषों का हिसाब सार्वजनिक बहस का विषय क्यों बने?

1950 के बाद भारत ने कई युद्ध, प्राकृतिक आपदाएं, सूखे, बाढ़, चक्रवात और स्वास्थ्य संबंधी संकट देखे हैं। अलग-अलग समय पर केंद्र और राज्य सरकारों ने राहत, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन के लिए विभिन्न वित्तीय व्यवस्थाओं के माध्यम से धन उपलब्ध कराया। विदेशी सहायताएं भी मिली। सरकारों के बदलने के साथ नीतियों, प्रशासनिक प्राथमिकताओं और राहत संबंधी व्यवस्थाओं में भी परिवर्तन हुए। लेकिन सार्वजनिक धन के संबंध में एक सिद्धांत हमेशा लागू होना चाहिए: जनता के नाम पर एकत्रित या सार्वजनिक खजाने से निर्धारित धन का हिसाब स्पष्ट, सत्यापन योग्य और जवाबदेही के अधीन होना चाहिए। यहां एक महत्वपूर्ण प्रश्न उठता है। क्या 1950 के बाद से अब तक के सभी संबंधित राहत कोषों के आवंटन, वास्तविक खर्च, शेष राशि, प्रशासनिक लागत और उपयोगिता का ऐसा समेकित विवरण उपलब्ध है, जिसे आम नागरिक आसानी से देख सके?

सवाल जो जनता चाहती है : किसी भी राहत कोष की जवाबदेही जांचने के लिए कम से कम निम्नलिखित जानकारियां सार्वजनिक होनी चाहिए:

1. प्रत्येक वित्त वर्ष की शुरुआत में कोष में कितनी राशि उपलब्ध थी?

2. उस वर्ष कितनी नई राशि आवंटित की गई और कितनी वास्तव में जारी हुई?

3. किन आपदाओं, योजनाओं और विभागों के लिए धन उपलब्ध कराया गया?

4. स्वीकृत राशि में से कितना वास्तविक खर्च हुआ?

5. कितनी विदेशी सहायता प्राप्त हुई?

6. कितनी राशि बिना उपयोग के बची रही और उसके बचने का कारण क्या था?

7. क्या निर्धारित अवधि में उपयोगिता प्रमाणपत्र जमा किए गए?

8. CAG या अन्य सक्षम ऑडिट संस्थाओं ने कोई आपत्ति दर्ज की तो उस पर क्या कार्रवाई हुई?

9. राहत राशि के वितरण में अनियमितताओं की शिकायतें कितनी आईं और कितनी का निस्तारण हुआ?

10. जिन मामलों में धन के दुरुपयोग के आरोप प्रमाणित हुए, उनमें कितनी वसूली हुई और कितने मामलों में कार्रवाई की गई?

11. क्या नागरिकों को संबंधित रिकॉर्ड एक सार्वजनिक ऑनलाइन पोर्टल पर आसानी से उपलब्ध कराया जा सकता है?

इन सवालों के जवाब से केवल अनियमितताओं का पता लगाने में मदद नहीं मिलेगी, बल्कि उन विभागों और व्यवस्थाओं की पहचान भी की जा सकेगी, जहां राहत कार्य तेजी से और प्रभावी ढंग से किए गए।

क्या ₹30,000 करोड़ की सीमा बढ़ाने की जरूरत है?

आकस्मिकता निधि की सीमा बढ़ाने का निर्णय देश की आबादी के आधार पर लिया जा सकता है। वहीं सरकार को पिछले वर्षों के वास्तविक उपयोग, अचानक पैदा होने वाली वित्तीय जरूरतों, महंगाई और विभिन्न आपदा परिदृश्यों का आकलन करना चाहिए। यदि उपलब्ध रिकॉर्ड से यह पता चलता है कि कई मौकों पर तत्काल खर्च की जरूरत मौजूदा सीमा के करीब पहुंच गई या उसके कारण वित्तीय व्यवस्था पर दबाव पड़ा, तो सीमा बढ़ाने पर गंभीरता से विचार किया जा सकता है।

आपदा आने से पहले तैयारी जरूरी

एनजीओ ने अपनी स्टडी में एक महत्वपूर्ण टिप्पणी यह भी की है कि किसी संकट के समय उपलब्ध धन जितना महत्वपूर्ण है, उतनी ही महत्वपूर्ण उसकी समय पर उपलब्धता भी है। यदि बजट में राशि निर्धारित हो, लेकिन मंजूरी, दस्तावेजों या प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण राहत में देरी हो, तो प्रभावित लोगों को तत्काल मदद मिलने में कठिनाई हो सकती है। इसलिए केंद्र और राज्य सरकारों को आपदा प्रबंधन की वित्तीय तैयारी का नियमित परीक्षण करना चाहिए। बड़े संकटों के लिए संभावित खर्च का आकलन, विभिन्न कोषों के बीच समन्वय और राहत राशि जारी करने की स्पष्ट प्रक्रिया इस व्यवस्था को मजबूत कर सकती है। साथ ही, राहत के लिए निर्धारित धन का उपयोग केवल तत्काल सहायता तक सीमित न रहकर दीर्घकालीन पुनर्वास और भविष्य में जोखिम कम करने की जरूरतों के अनुरूप भी होना चाहिए। इसके लिए प्रत्येक कोष के निर्धारित उद्देश्य और नियमों का पालन आवश्यक है।

उदित भास्कर की सरकार से पांच प्रमुख मांगें

पहली मांग: आकस्मिकता निधि की वर्तमान उपलब्ध राशि, निकासी और भरपाई का अद्यतन विवरण सार्वजनिक किया जाए।

दूसरी मांग: केंद्र और राज्यों के संबंधित आपदा राहत एवं शमन कोषों के लिए वित्त वर्षवार आवंटन, वास्तविक खर्च और शेष राशि का तुलनात्मक विवरण उपलब्ध कराया जाए।

तीसरी मांग: आजादी के बाद से उपलब्ध ऐतिहासिक सरकारी रिकॉर्ड के आधार पर राहत कोषों के संचालन का चरणबद्ध अध्ययन कराया जाए। पुराने रिकॉर्ड उपलब्ध न होने पर इसकी सीमा भी स्पष्ट की जाए।

चौथी मांग: शोध संस्थानों और नागरिक संगठनों को उपलब्ध सार्वजनिक दस्तावेजों के आधार पर स्वतंत्र विश्लेषण करने तथा निष्कर्षों पर सरकार से जवाब मांगने का अवसर मिले।

पांचवीं मांग: जहां ऑडिट में अनियमितता दर्ज हो या विश्वसनीय दस्तावेजों से दुरुपयोग के संकेत मिलें, वहां निष्पक्ष जांच, कार्रवाई और वसूली की स्थिति सार्वजनिक की जाए।

76 साल, संकट हजारों, कीमत लाखों करोड़!

1950 से 2026 तक भारत की आपदाओं, युद्धों, महामारियों और त्रासदियों का आर्थिक लेखा-जोखा

संविधान लागू होने से लेकर आज तक भारत ने किन प्राकृतिक आपदाओं, महामारियों, अकालों, युद्धों और राष्ट्रीय संकटों का सामना किया?यह भारत के स्वतंत्रता-पश्चात इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्ययन है। 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के साथ भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित हुआ और संवैधानिक शासन व्यवस्था प्रारंभ हुई। इसके बाद भारत ने अनेक ऐसे दौर देखे, जब देश की सरकार, सेना, प्रशासन, अर्थव्यवस्था और आम नागरिकों को एक साथ बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

एनजीओ ने इसका अध्ययन पांच प्रमुख श्रेणियों में किया है : 

  1. प्राकृतिक आपदाएं – भूकंप, बाढ़, चक्रवात, सूखा और सुनामी।

  2. महामारी एवं स्वास्थ्य संकट – चेचक, प्लेग, स्वाइन फ्लू, कोविड-19 आदि।

  3. अकाल एवं खाद्य संकट – सूखा, अनाज की कमी और भुखमरी।

  4. युद्ध एवं राष्ट्रीय सुरक्षा संकट – पाकिस्तान और चीन के साथ युद्ध तथा अन्य सुरक्षा चुनौतियां।

  5. आर्थिक एवं सामाजिक संकट – आर्थिक संकट, औद्योगिक दुर्घटनाएं, विस्थापन और बड़े मानवीय संकट।

भारत में 1950 के बाद आए सभी सूखे अकाल नहीं थे और प्रत्येक महामारी राष्ट्रीय स्तर पर समान प्रभाव वाली नहीं थी। इसलिए प्रमुख ऐतिहासिक घटनाओं को उनके स्वरूप और प्रभाव के आधार पर रखा गया है।

1. प्राकृतिक आपदाओं का ऐतिहासिक क्रम

वर्ष आपदा एवं प्रभावित क्षेत्र प्रमुख प्रभाव
1950 असम का भीषण भूकंप पूर्वोत्तर में भारी तबाही और जनहानि
1956 गुजरात का अंजार भूकंप बड़े पैमाने पर भवन क्षति
1967 कोयना भूकंप, महाराष्ट्र जान-माल का नुकसान
1971 ओडिशा का चक्रवात तटीय इलाकों में भारी तबाही
1977 आंध्र प्रदेश का विनाशकारी चक्रवात हजारों लोगों की मौत और व्यापक विस्थापन
1988 बिहार भूकंप लगभग एक हजार लोगों की मृत्यु
1991 उत्तरकाशी भूकंप पर्वतीय क्षेत्र में भारी जनहानि
1993 लातूर भूकंप, महाराष्ट्र गांवों की तबाही और हजारों मौतें
1999 ओडिशा सुपर साइक्लोन लगभग 10 हजार लोगों की मौत
2001 गुजरात का भुज भूकंप व्यापक विनाश और हजारों लोगों की मौत
2004 हिंद महासागर सुनामी तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और अंडमान-निकोबार प्रभावित
2005 महाराष्ट्र की भीषण बाढ़ मुंबई सहित अनेक इलाकों में तबाही
2008 कोसी नदी की बाढ़, बिहार लाखों लोग प्रभावित और बड़े पैमाने पर विस्थापन
2009 आंध्र प्रदेश-कर्नाटक बाढ़ भारी जनहानि और संपत्ति का नुकसान
2010 लेह बादल फटना अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से तबाही
2011 सिक्किम भूकंप पूर्वोत्तर और हिमालयी क्षेत्र प्रभावित
2013 उत्तराखंड की केदारनाथ आपदा बाढ़ और भूस्खलन से भारी जनहानि
2014 कश्मीर की बाढ़ श्रीनगर सहित घाटी के बड़े हिस्से प्रभावित
2014 मालिन भूस्खलन, महाराष्ट्र पूरा गांव मलबे में दब गया
2015 चेन्नई की भीषण बाढ़ शहरी जीवन, आवागमन और उद्योग प्रभावित
2018 केरल की भीषण बाढ़ व्यापक विस्थापन और भारी आर्थिक नुकसान
2019 फानी चक्रवात, ओडिशा तटीय क्षेत्र और बुनियादी ढांचे को नुकसान
2020 अम्फान चक्रवात पश्चिम बंगाल और ओडिशा में व्यापक तबाही
2021 ताउते और यास चक्रवात पश्चिमी एवं पूर्वी तट प्रभावित
2022 असम की भीषण बाढ़ लाखों लोग प्रभावित
2023 हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बाढ़-भूस्खलन मकान, सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त
2024 वायनाड भूस्खलन, केरल कई गांव तबाह और बड़ी जनहानि

विशेष टिप्पणी: 1950 के असम भूकंप और 1999 के ओडिशा सुपर साइक्लोन जैसी घटनाओं ने भारत में आपदा प्रबंधन की आवश्यकता को गंभीरता से सामने रखा। 2004 की सुनामी के बाद भारत ने सुनामी चेतावनी प्रणाली विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए।

2. महामारी और स्वास्थ्य संकट

स्वास्थ्य संकटों ने भारत की जनसंख्या, स्वास्थ्य व्यवस्था, अर्थव्यवस्था और प्रशासनिक क्षमता को अलग-अलग समय पर चुनौती दी। RBI के महामारी संबंधी ऐतिहासिक अध्ययन में कई प्रमुख घटनाओं का विवरण उपलब्ध है।

वर्ष महामारी/बीमारी प्रभाव
1957–58 एशियन फ्लू देशभर में लगभग 44 लाख मामले दर्ज होने का ऐतिहासिक अनुमान
1974 चेचक महामारी बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भीषण प्रकोप
1994 सूरत प्लेग देशभर में भय और स्वास्थ्य आपातस्थिति जैसी परिस्थितियां
2002 हिमाचल प्रदेश में प्लेग के मामले संक्रमण रोकने के लिए विशेष कदम
2003 डेंगू का प्रकोप दिल्ली सहित अनेक क्षेत्रों में संक्रमण
2005 जापानी इंसेफेलाइटिस उत्तर प्रदेश और बिहार में गंभीर स्वास्थ्य संकट
2006 चिकनगुनिया आठ राज्यों के अनेक जिलों में प्रकोप
2009–10 स्वाइन फ्लू (H1N1) देशभर में संक्रमण और हजारों मौतें
2015 स्वाइन फ्लू और डेंगू कई राज्यों में स्वास्थ्य संकट
2018 निपाह वायरस केरल में गंभीर संक्रमण और मौतें
2020–22 कोविड-19 देशव्यापी लॉकडाउन, लाखों मौतें, स्वास्थ्य एवं आर्थिक संकट
ऐतिहासिक रूप से अत्यंत गंभीर

कोविड-19 का संकट

कोविड-19 भारत के स्वतंत्रता-पश्चात इतिहास की सबसे व्यापक स्वास्थ्य एवं सामाजिक-आर्थिक आपदाओं में से एक रहा।

  • मार्च 2020 में देशव्यापी लॉकडाउन शुरू हुआ।

  • अस्पतालों, ऑक्सीजन और दवाओं की भारी मांग पैदा हुई।

  • 2021 की दूसरी लहर में स्वास्थ्य व्यवस्था पर असाधारण दबाव आया।

  • प्रवासी श्रमिकों का बड़े पैमाने पर पलायन हुआ।

  • स्कूल, कॉलेज, उद्योग और व्यापार लंबे समय तक प्रभावित रहे।

  • रोजगार, शिक्षा और पारिवारिक आय पर दीर्घकालिक प्रभाव पड़ा।

3. अकाल, सूखा और खाद्य संकट

1950 के बाद भारत में औपनिवेशिक काल जैसे व्यापक आधिकारिक अकाल की स्थिति नहीं आई, लेकिन कई बार गंभीर सूखे, खाद्यान्न संकट और भुखमरी की आशंकाएं पैदा हुईं।

वर्ष/अवधि संकट प्रमुख प्रभाव
1965–67 लगातार सूखा और खाद्यान्न संकट अनाज उत्पादन में गिरावट, खाद्यान्न आयात पर निर्भरता
1972–73 महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में सूखा ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशुधन पर असर
1979 कमजोर मानसून और सूखा कृषि उत्पादन प्रभावित
1987–88 गंभीर राष्ट्रीय सूखा देश के बड़े हिस्से में जल एवं खाद्य संकट
2002 मानसून की भारी कमी लगभग 30 करोड़ लोगों के प्रभावित होने का अनुमान
2009 व्यापक सूखा 10 राज्यों के 252 जिले प्रभावित
2015–16 अल्पवर्षा और सूखा कृषि, पेयजल और ग्रामीण रोजगार प्रभावित

1965–67 का खाद्यान्न संकट विशेष रूप से महत्वपूर्ण था। इस दौर में भारत को विदेशों से गेहूं आयात करना पड़ा। इसके बाद उच्च उपज वाले बीज, सिंचाई, उर्वरक और कृषि तकनीक के विस्तार से हरित क्रांति को गति मिली। इसी प्रकार 1987 का सूखा स्वतंत्रता के बाद के बड़े सूखा संकटों में गिना जाता है।

4. युद्ध, सीमा संघर्ष और राष्ट्रीय सुरक्षा संकट

भारत को संविधान लागू होने के बाद से ही सीमाओं पर गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कुछ संघर्ष पूर्ण युद्ध थे, जबकि कुछ सीमित सैन्य अभियान या लंबे समय तक चलने वाले सुरक्षा संकट थे।

वर्ष युद्ध/सैन्य संकट प्रमुख परिणाम
1962 भारत-चीन युद्ध सीमा पर सैन्य पराजय और राष्ट्रीय सुरक्षा की गंभीर चुनौती
1965 भारत-पाकिस्तान युद्ध पश्चिमी सीमा पर व्यापक सैन्य संघर्ष
1971 भारत-पाकिस्तान युद्ध बांग्लादेश का निर्माण
1984 सियाचिन सैन्य अभियान दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्रों में सैन्य तैनाती
1987–90 श्रीलंका में भारतीय शांति सेना (IPKF) सैन्य और कूटनीतिक चुनौती
1989 से आगे कश्मीर में उग्रवाद लंबे समय तक आंतरिक सुरक्षा संकट
1999 कारगिल युद्ध नियंत्रण रेखा पर युद्ध और भारतीय सेना का सैन्य अभियान
2001 संसद पर आतंकवादी हमला राष्ट्रीय सुरक्षा पर गंभीर खतरा
2008 मुंबई आतंकी हमला (26/11) देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल
2016 उरी आतंकी हमला सैन्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और सीमा तनाव
2019 पुलवामा आतंकी हमला और बालाकोट एयर स्ट्राइक भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव
2020 गलवान घाटी संघर्ष चीन के साथ सीमा पर हिंसक सैन्य टकराव
2025 पहलगाम आतंकी हमला और ऑपरेशन सिंदूर भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव और कार्रवाई

एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक तथ्य: 1947–48 का पहला भारत-पाकिस्तान युद्ध संविधान लागू होने से पहले हुआ था। इसलिए उसे इस सूची में मुख्य युद्धों की गणना में शामिल नहीं किया गया है। हालांकि उसका प्रभाव 1950 के बाद भी कश्मीर विवाद और सीमा सुरक्षा के रूप में जारी रहा।

5. औद्योगिक दुर्घटनाएं और मानव निर्मित आपदाएं

भारत के संकट इतिहास में केवल प्राकृतिक आपदाएं ही नहीं, बल्कि मानवीय लापरवाही, तकनीकी विफलता और औद्योगिक दुर्घटनाएं भी महत्वपूर्ण स्थान रखती हैं।

वर्ष घटना प्रमुख प्रभाव
1984 भोपाल गैस त्रासदी जहरीली गैस के रिसाव से हजारों मौतें और दीर्घकालिक स्वास्थ्य प्रभाव
1997 उपहार सिनेमा अग्निकांड, दिल्ली 59 लोगों की मौत
2004 कुंभकोणम स्कूल अग्निकांड, तमिलनाडु 94 बच्चों की मौत
2010 कोल्हापुर-खेड रेल दुर्घटना सहित अनेक रेल हादसे जनहानि और परिवहन सुरक्षा पर सवाल
2013 उत्तराखंड आपदा में मानवीय और प्रशासनिक चुनौतियां राहत एवं बचाव व्यवस्था पर गंभीर दबाव
2016 इंदौर-पटना रेल हादसा 150 से अधिक लोगों की मौत
2020 विशाखापत्तनम गैस रिसाव लोगों की मौत और बड़ी संख्या में प्रभावित नागरिक
2022 मोरबी पुल हादसा, गुजरात 135 लोगों की मौत
2023 बालासोर रेल दुर्घटना, ओडिशा लगभग 300 लोगों की मौत

आर्थिक और राजनीतिक-प्रशासनिक संकट

कुछ संकट ऐसे रहे जिनमें देश की अर्थव्यवस्था, शासन व्यवस्था और सामाजिक स्थिरता एक साथ प्रभावित हुई।

वर्ष संकट देश पर प्रभाव
1962 चीन युद्ध के बाद रक्षा और आर्थिक दबाव रक्षा खर्च में वृद्धि
1965–67 युद्ध और खाद्यान्न संकट विदेशी सहायता और खाद्यान्न आयात की जरूरत
1975–77 आपातकाल लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिक स्वतंत्रताओं पर असाधारण दबाव
1991 भुगतान संतुलन संकट विदेशी मुद्रा भंडार में गंभीर कमी और आर्थिक सुधार
1992 प्रतिभूति घोटाला बैंकिंग और शेयर बाजार की विश्वसनीयता पर सवाल
2008 वैश्विक आर्थिक मंदी निर्यात, निवेश और रोजगार पर असर
2016 नोटबंदी नकदी आधारित कारोबार और असंगठित क्षेत्र प्रभावित
2020 कोविड लॉकडाउन आर्थिक गतिविधियों में भारी गिरावट
2022 रूस-यूक्रेन युद्ध का आर्थिक असर कच्चे तेल, खाद, खाद्यान्न और अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति पर दबाव

यहां आपातकाल को प्राकृतिक या आर्थिक आपदा नहीं, बल्कि एक बड़े संवैधानिक-राजनीतिक संकट के रूप में देखना चाहिए।

अन्य बड़े राष्ट्रीय एवं मानवीय संकट

कुछ ऐसी घटनाएं भी हैं जिन्होंने देश के सामाजिक ताने-बाने, प्रशासन और नागरिक जीवन को गहराई से प्रभावित किया।

  • 1984 – सिख विरोधी हिंसा: दिल्ली सहित कई स्थानों पर व्यापक हिंसा और जनहानि।

  • 1990 – कश्मीरी पंडितों का पलायन: घाटी से बड़े पैमाने पर विस्थापन।

  • 1992 – बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद सांप्रदायिक दंगे: देश के विभिन्न हिस्सों में हिंसा।

  • 2002 – गुजरात दंगे: बड़े पैमाने पर जनहानि और विस्थापन।

  • 2013 – मुजफ्फरनगर हिंसा: सांप्रदायिक तनाव और लोगों का विस्थापन।

  • 2018 – असम में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) का विवाद: नागरिकता, पहचान और प्रशासन से जुड़ा बड़ा सामाजिक-राजनीतिक मुद्दा।

  • 2020 – प्रवासी मजदूरों का पलायन: कोविड लॉकडाउन के दौरान लाखों श्रमिकों के सामने रोजगार, आवास और भोजन का संकट।

भारत ने इन संकटों से निपटने के लिए क्या संस्थागत बदलाव किए?

इन घटनाओं के बाद भारत में शासन और आपदा प्रबंधन की व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए।

वर्ष महत्वपूर्ण कदम
1965 के बाद हरित क्रांति को गति
1975 राष्ट्रीय आपातकाल का अनुभव और बाद में लोकतांत्रिक सुरक्षा उपायों पर विमर्श
1986 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम
1991 आर्थिक उदारीकरण और संरचनात्मक सुधार
2005 आपदा प्रबंधन अधिनियम
2005 राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) की संस्थागत स्थापना
2006 राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) का गठन
2015 राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन योजना
2020 कोविड प्रबंधन और स्वास्थ्य ढांचे का विस्तार

2005 का आपदा प्रबंधन अधिनियम भारत की आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण संस्थागत बदलाव था।

पूरे इतिहास से निकलने वाले पांच बड़े निष्कर्ष

1. खाद्य सुरक्षा: 1965–67 के संकट ने भारत को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया।

2. आपदा प्रबंधन: 1999 के ओडिशा चक्रवात और 2001 के गुजरात भूकंप ने आपदा तैयारी और राहत व्यवस्था की कमजोरियां उजागर कीं।

3. स्वास्थ्य सुरक्षा: 1974 की चेचक महामारी से लेकर कोविड-19 तक भारत ने स्वास्थ्य सेवाओं और महामारी नियंत्रण में अनेक चुनौतियों का सामना किया।

4. राष्ट्रीय सुरक्षा: 1962, 1965, 1971 और 1999 के युद्धों ने रक्षा नीति और सैन्य तैयारी को प्रभावित किया।

5. आर्थिक लचीलापन: 1991 का भुगतान संतुलन संकट और 2020 का लॉकडाउन भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बड़े परीक्षण साबित हुए।

कोविड पर केंद्र का स्वास्थ्य व्यय

PRS के सरकारी बजट विश्लेषण के अनुसार, केवल केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने:

  • 2020-21 में कोविड पर ₹11,941 करोड़ वास्तविक खर्च किया।

  • 2021-22 में कोविड संबंधी खर्च का अनुमान ₹16,545 करोड़ बताया जा रहा है।

  • टीकाकरण के लिए 2021-22 में ₹39,000 करोड़ का अनुमान बताया जा रहा है।

    यह केवल स्वास्थ्य मंत्रालय का खर्च है। मुफ्त राशन, रोजगार सहायता, राज्यों की सहायता और अन्य राहत इसमें पूरी तरह शामिल नहीं हैं।

1950 से 2026 तक कुल सरकारी खर्च का अनुमानप्राकृतिक आपदाओं, युद्धों, महामारियों, अकालों और मानव निर्मित त्रासदियों को मिलाकर एक अनुमान एनजीओ ने तैयार किया है। सभी राशियां उस समय के रुपये में संचयी अनुमान हैं, न कि आज की महंगाई के हिसाब से उनका पुनर्मूल्यांकन।

संकट की श्रेणी अनुमानित सरकारी खर्च
भूकंप, बाढ़, चक्रवात, सुनामी और अन्य प्राकृतिक आपदाएं ₹3.50–5.50 लाख करोड़
महामारी, कोविड-19 और स्वास्थ्य आपातस्थितियां ₹2.00–4.00 लाख करोड़
युद्ध, सीमा संघर्ष और अतिरिक्त सैन्य अभियान खर्च ₹1.50–3.00 लाख करोड़
सूखा, अकाल, खाद्यान्न सहायता और राहत ₹0.80–1.50 लाख करोड़
औद्योगिक दुर्घटनाएं, अग्निकांड और अन्य बड़ी त्रासदियां ₹0.50–1.00 लाख करोड़
कुल अनुमान ₹8.30–15.00 लाख करोड़
केंद्रीय अनुमान

₹11.5 लाख करोड़

1950 से नवंबर 2026 तक का सांकेतिक संचयी सरकारी व्यय का अनुमान लगाया है। एनजीओ का कहना है कि यह एक विश्लेषणात्मक अनुमान है, आधिकारिक सरकारी लेखा नहीं। इसमें युद्धों के लिए पूरे रक्षा बजट को नहीं जोड़ा गया है, बल्कि युद्धों और संबंधित अभियानों का अतिरिक्त खर्च अनुमानित किया गया है। इसी तरह कोविड की घोषित आर्थिक राहत पैकेज की पूरी राशि को सरकारी खर्च नहीं माना गया है।

विदेशों से भारत को सहायता का अनुमान?

विदेशी सहायता तीन रूपों में आती रही है:

  1. अनुदान (Grant): जिसे भारत को लौटाना नहीं पड़ता।

  2. ऋण (Loan): जिसे ब्याज सहित या निर्धारित शर्तों पर लौटाना होता है।

  3. वस्तुगत सहायता (In-kind): अनाज, दवाइयां, चिकित्सा उपकरण, राहत सामग्री, तकनीकी सहायता और बचाव दल।

प्रमुख ऐतिहासिक उदाहरण

संकट विदेशी सहायता का स्वरूप
1950 के दशक के खाद्यान्न संकट अमेरिका सहित अन्य देशों से खाद्यान्न सहायता
1965–67 का खाद्य संकट PL-480 कार्यक्रम के तहत अमेरिकी गेहूं और खाद्यान्न
1970–80 के दशक के सूखे खाद्य सहायता और विकास संबंधी वित्तीय सहायता
1990 के दशक की प्राकृतिक आपदाएं अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की वित्तीय एवं तकनीकी सहायता
2001 गुजरात भूकंप विभिन्न देशों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से राहत सहायता
2004 सुनामी अंतरराष्ट्रीय समुदाय से राहत एवं पुनर्वास सहायता
2013 उत्तराखंड आपदा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहायता प्रस्ताव और तकनीकी सहयोग
2018 केरल बाढ़ विभिन्न देशों से सहायता प्रस्ताव; भारत ने अधिकांश विदेशी सरकारी राहत प्रस्ताव स्वीकार नहीं किए
2020–21 कोविड संकट विदेशों से ऑक्सीजन, वेंटिलेटर, दवाइयां और चिकित्सा उपकरण
2021 कोविड की दूसरी लहर अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, रूस सहित अनेक देशों से सहायता

विदेशी सहायता के मायने  

RBI के आंकड़ों का भी एनजीओ ने अध्ययन किया है। 1987-88 से 2015-16 तक भारत को प्राप्त बाहरी सहायता के ऋण और अनुदान का अलग-अलग विवरण मिलता है। लेकिन इसमें सामान्य विकास सहायता, खाद्य सहायता और अन्य आर्थिक सहयोग भी शामिल हैं। इसे केवल आपदाओं के नाम पर मिली सहायता मानना सही नहीं होगा।

विदेशी सहायता का अनुमान दो अलग-अलग स्तर पर रखा गया है।

विदेशी सहायता का प्रकार 1950–2026 का अनुमान
आपदाओं एवं महामारियों के लिए विदेशी अनुदान ₹3,000–8,000 करोड़
विदेशी वस्तुगत सहायता, चिकित्सा एवं राहत सामग्री का मूल्य ₹2,000–7,000 करोड़
खाद्यान्न एवं विशेष संकट सहायता का अनुमानित मूल्य ₹5,000–15,000 करोड़
कुल संभावित विदेशी संकट सहायता ₹10,000–30,000 करोड़
यह अनुमान बताया गया है। विदेशी सहायता में भारत को दिए गए सभी सामान्य विकास ऋण शामिल नहीं हैं। साथ ही, ऋण और अनुदान को अलग-अलग समझना जरूरी है। विदेशी ऋण को मुफ्त सहायता कहना उचित नहीं होगा।

भारत सरकार और विदेशी सहायता मिलाकर कुल कितना खर्च हुआ?

अनुमान के अनुसार :

1950–2026 : भारत का अनुमानित संकट व्यय

भारत सरकार एवं राज्य सरकारों का खर्च :  ₹8.30–15.00 लाख करोड़

विदेशी सहायता का अनुमान :  ₹0.10–0.30 लाख करोड़

कुल अनुमानित आर्थिक व्यय : ₹8.40–15.30 लाख करोड़

इस अनुमान में क्या-क्या शामिल नहीं है?

एनजीओ के आकलन में एक महत्वपूर्ण पड़ताल की जा रही है। एनजीओ संकटों से जुड़ी पूरी आर्थिक कीमत पर अपनी रिसर्च कर रहा है और उसका कहना है कि कुछ खर्च अलग से जोड़ने होंगे।

अतिरिक्त आर्थिक बोझ स्थिति
निजी नागरिकों की संपत्ति का नुकसान शामिल नहीं
किसानों की फसल और पशुधन का नुकसान आंशिक रूप से शामिल
निजी कंपनियों एवं उद्योगों का नुकसान शामिल नहीं
कोविड के दौरान रोजगार और व्यापार का नुकसान शामिल नहीं
युद्ध के कारण व्यापार और निवेश पर प्रभाव शामिल नहीं
विदेशी ऋण पर ब्याज और पुनर्भुगतान शामिल नहीं
सामाजिक एवं मनोवैज्ञानिक नुकसान रुपये में नहीं जोड़ा गया

1999 के ओडिशा सुपर साइक्लोन, 2001 के गुजरात भूकंप, 2004 की सुनामी और 2020 के कोविड संकट की आर्थिक लागत केवल सरकारी राहत खर्च से कहीं अधिक थी।

 

 

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

दुनिया में बोतलबंद पानी का कारोबार 450 अरब डालर पार, भारत में 3.6 अरब डालर, अच्छा हो सरकार उचित मूल्य की दुकानों पर शुद्ध पानी राशनकार्ड पर फ्री में वितरित करें…लोगों का स्वास्थ्य सुधरेगा, दुआएं देंगे

राज्य

शहर चुनें