संयोजक भाविक सिंह मेड़तिया एवं विजय सिंह भाटी ने जैन विश्व भारती, लाडनूं में प्राप्त किया मंगल आशीर्वाद
लाडनूं। जैन श्वेतांबर तेरापंथ धर्मसंघ के परम पूज्य आचार्य संत श्री महाश्रमण जी से 6 नवंबर 2026 को जैन विश्व भारती, लाडनूं में जन सेवा एवं स्वास्थ्य संस्थान (रजि.), जोधपुर के प्रतिनिधियों ने मुलाकात कर जनसेवा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर संस्थान के संयोजक भाविक सिंह मेड़तिया एवं विजय सिंह भाटी ने पूज्य गुरुदेव के मंगल दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुलाकात के दौरान संस्थान की ओर से संचालित सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी दी गई। साथ ही भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यावरण संरक्षण और समाज के जरूरतमंद वर्गों के हित में किए जाने वाले कार्यों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
संस्थान के अध्यक्ष एडवोकेट विजय शर्मा ने बताया कि जन सेवा एवं स्वास्थ्य संस्थान लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं पौधों की देखभाल, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाओं, समाज सेवा तथा पशु-पक्षियों और जीव-जंतुओं के संरक्षण जैसे क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। संस्थान का उद्देश्य आमजन के स्वास्थ्य, पर्यावरण की सुरक्षा और सामाजिक कल्याण के लिए निरंतर प्रयास करना है।
इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक संतु सिंह मेड़तिया एवं अध्यक्ष एडवोकेट विजय शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित विभिन्न सेवा गतिविधियों और सामाजिक उत्थान के प्रयासों से भी आचार्य श्री को अवगत कराया गया।
संस्थान के प्रतिनिधियों ने कहा कि पूज्य आचार्य श्री महाश्रमण जी से मंगल आशीर्वाद प्राप्त होना उनके लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। गुरुदेव के आशीर्वचन से संस्थान को जनसेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कल्याण के कार्यों को और अधिक गति देने की प्रेरणा मिली है।
संस्थान के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ जनहित के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।







