धन्वंतरी पूजन के साथ हुआ समारोह, चिकित्सालय के सेंट्रल चौक को मीटिंग हॉल के रूप में विकसित करने की घोषणा
जोधपुर। 06 नवम्बर। राजकीय जिला आयुर्वेद चिकित्सालय, खांडाफलसा, जोधपुर में आज भगवान धन्वंतरी जयंती के अवसर पर धन्वंतरी पूजन समारोह श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय पार्षद श्री संजय दईया उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता चिकित्सालय के प्रभारी एवं प्रधान चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार मित्तल ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. प्रेमसुख उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान भगवान धन्वंतरी का विधिवत पूजन एवं आरती की गई। इस अवसर पर चिकित्सालय के समस्त चिकित्सकों, कर्मचारियों, नर्सिंग स्टाफ, परिचारकों एवं भर्ती रोगियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि श्री संजय दईया ने सभी चिकित्सालय कर्मियों को भगवान धन्वंतरी जयंती की शुभकामनाएं देते हुए उनके सेवा कार्यों की सराहना की। समारोह का विशेष आकर्षण उस समय रहा, जब मुख्य अतिथि श्री संजय दईया ने चिकित्सालय के सेंट्रल चौक को ऊपर से कवर करवाकर उसे एक व्यवस्थित मीटिंग हॉल के रूप में विकसित करवाने की घोषणा की। इससे भविष्य में यहां योग सत्र, यज्ञ, बैठकें, प्रतीक्षालय एवं अन्य स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। इस घोषणा पर चिकित्सालय प्रभारी डॉ. अशोक कुमार मित्तल ने श्री दईया का आभार व्यक्त करते हुए इसे चिकित्सालय के लिए उपयोगी पहल बताया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कंपाउंडर श्री सुनील कुमार गौड़ ने किया। समारोह के अंत में सभी ने भगवान धन्वंतरी से जनकल्याण एवं आरोग्य की कामना की।
सादर प्रकाशनार्थ







