भगवान पंवार. जोधपुर
अरबन हाट में ‘दीपोत्सव क्राफ्ट बाजार’ की धूम, हस्तशिल्प की खरीदारी के साथ मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। स्थानीय हस्तशिल्पियों एवं उद्यमियों को विपणन के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा पारंपरिक शिल्प को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यहां 11 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक ‘दीपोत्सव क्राफ्ट बाजार’ एवं ‘पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत ओडीओपी प्रदर्शनी’ का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र तथा उद्यम प्रोत्साहन संस्थान, जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में रैम्प कार्यक्रम के तहत आयोजित यह प्रदर्शनी शहरवासियों और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गई है।
श्रीमती पूजा मेहरा, संयुक्त आयुक्त (उद्योग एवं वाणिज्य) एवं महाप्रबंधक ने बताया कि जोधपुर का वुडन हैंडीक्राफ्ट एवं फर्नीचर उद्योग देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। यहां के कारीगर अपनी पारंपरिक कला, उत्कृष्ट नक्काशी, बारीक कारीगरी और आकर्षक डिजाइन के माध्यम से भारतीय हस्तशिल्प को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ओडीओपी प्रदर्शनी का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों की पहचान को सुदृढ़ करना, हस्तशिल्पियों एवं लघु उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराना तथा उनके उत्पादों को व्यापक ग्राहक वर्ग तक पहुंचाना है। प्रदर्शनी में हस्तशिल्पियों, बुनकरों एवं स्वयं सहायता समूहों की इकाइयों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय का अवसर प्रदान किया गया है। एक ही परिसर में देशभर की कला और शिल्प का अनूठा संसार
अरबन हाट में सजी विभिन्न स्टॉलों पर देश के अलग-अलग क्षेत्रों की पारंपरिक कलाओं और हस्तनिर्मित उत्पादों की आकर्षक श्रृंखला देखने को मिल रही है।
यहां लकड़ी के फर्नीचर एवं वुडन हैंडीक्राफ्ट, मेटल हैंडीक्राफ्ट, लाख की चूड़ियां, कोटा डोरिया के परिधान, भदोही के कालीन, बनारस की सिल्क साड़ियां, बिहार की मधुबनी पेंटिंग, पश्चिम बंगाल की ज्वेलरी, बंधेज, आरी-तारी के उत्पाद, जूट बैग, पॉटरी, बुटीक उत्पाद, पेंटिंग, गारमेंट्स, जोधपुरी लेदर जूतियां, लेदर बैग, पेपर मैशी उत्पाद तथा फिरोजाबाद के ग्लास लैम्प प्रमुख आकर्षण हैं।
इसके अतिरिक्त मकराना मार्बल उत्पाद, होम डेकोरेशन आइटम, पर्दे, खादी एवं ग्रामोद्योग के उत्पाद, मोमबत्तियां, बाड़मेर की कांच कशीदाकारी, पोकरण पॉटरी, दरियां तथा हस्तनिर्मित मसाले, पापड़, अचार एवं अन्य खाद्य सामग्री भी उपलब्ध हैं।
प्रदर्शनी में एक ही स्थान पर विविध क्षेत्रों के हस्तशिल्प उत्पाद उपलब्ध होने से आगंतुकों को दीपावली के अवसर पर पारंपरिक एवं विशिष्ट उत्पादों की खरीदारी का अवसर मिल रहा है। साथ ही, सीधे कारीगरों से उत्पाद खरीदने के माध्यम से उनकी मेहनत और कला को प्रोत्साहन भी मिल रहा है।
म्यूजियम हॉल में सजी जोधपुर की गौरवशाली शिल्प विरासत
अरबन हाट परिसर स्थित म्यूजियम हॉल में जोधपुर की ऐतिहासिक विरासत और पारंपरिक हस्तकला की उत्कृष्ट झलक देखने को मिल रही है। यहां लकड़ी के फर्नीचर, वुडन हैंडीक्राफ्ट, विंटेज क्लॉक, बोन हैंडीक्राफ्ट, इनले वर्क एवं गोल्ड एम्बॉस वर्क सहित विभिन्न कलात्मक उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। विशेष रूप से जसवंत थड़ा एवं एक थम्बा महल के ऊंट की हड्डी से निर्मित मॉडल अपनी सूक्ष्म कारीगरी और कलात्मक बारीकियों के कारण दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। ये कलाकृतियां जोधपुर के शिल्पकारों के असाधारण हुनर, रचनात्मकता और समृद्ध शिल्प परंपरा को प्रदर्शित करती हैं।
हस्तशिल्प के साथ स्वादिष्ट व्यंजन और बच्चों के लिए मनोरंजन दीपोत्सव क्राफ्ट बाजार को केवल खरीदारी तक सीमित न रखते हुए परिवार सहित घूमने-फिरने और मनोरंजन का आकर्षक केंद्र बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।परिसर में विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए फूड कोर्ट एवं आइसक्रीम काउंटर संचालित किए जा रहे हैं। वहीं, बच्चों के मनोरंजन के लिए गगनचुंबी झूलों की व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं से अरबन हाट का वातावरण उत्सवमय बना हुआ है। हस्तशिल्प की खरीदारी, स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद, बच्चों के लिए मनोरंजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आगंतुकों को एक ही परिसर में विविध अनुभव प्रदान कर रही हैं। आगंतुकों के मनोरंजन के लिए आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को सायं 7:00 बजे रविवार को
अंतर्राष्ट्रीय जादूगर गोपाल दिखाएंगे जादुई करतब
दीपोत्सव क्राफ्ट बाजार में कार्यक्रम से पूर्व ओपन माइक का आयोजन भी रखा गया है, जिसमें इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। इसके लिए प्रतिभागियों को उसी दिन अपना नाम दर्ज करवाना होगा। जादूगर गोपाल की प्रस्तुति बच्चों एवं परिवारों के लिए विशेष आकर्षण रहेगी। आयोजकों के अनुसार, ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रदर्शनी में आने वाले लोगों को हस्तशिल्प और खरीदारी के साथ मनोरंजन का अवसर उपलब्ध कराना तथा स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।
अरबन हाट के समन्वयक श्री गणेश सागर ने बताया कि दीपोत्सव क्राफ्ट बाजार को शहरवासियों का उत्साहजनक प्रतिसाद मिल रहा है। अब तक 22 हजार से अधिक लोग प्रदर्शनी का अवलोकन कर चुके हैं। हस्तशिल्प उत्पादों की लगभग 80 लाख रुपये की बिक्री हो चुकी है तथा 30 लाख रुपये के अतिरिक्त ऑर्डर प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन से हस्तशिल्पियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर मिल रहा है। ग्राहकों से सीधे संपर्क स्थापित होने के साथ ही कारीगरों को नए व्यावसायिक ऑर्डर प्राप्त करने में भी सहायता मिल रही है। इससे स्थानीय हस्तशिल्प उद्योग को प्रोत्साहन मिलने के साथ कारीगरों की आजीविका सुदृढ़ करने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
जोधपुरवासियों से अधिकाधिक संख्या में पधारने की अपील
स्थानीय हस्तशिल्पियों एवं कारीगरों को आर्थिक संबल प्रदान करने, पारंपरिक कलाओं को संरक्षित करने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जोधपुरवासियों से दीपोत्सव क्राफ्ट बाजार में अधिकाधिक संख्या में पधारने की अपील की गई है। यह आयोजन दीपावली के अवसर पर खरीदारी के साथ-साथ जोधपुर की शिल्प विरासत और देशभर की पारंपरिक कलाओं को करीब से जानने का अवसर भी प्रदान कर रहा है।






