रेव्ह. सैम मिशेक ने जवानों को बताया कि जवानी का समय जीवन का सबसे ऊर्जावान और अनमोल दौर है। इस समय को साधारण या तुच्छ न समझें, क्योंकि परमेश्वर इस उम्र में आपके जीवन से एक खास पवित्रता और क्वालिटी की अपेक्षा रखते हैं।
उदित भास्कर. जोधपुर
सेंट एंड्रूज हॉल में 17 से 21 अक्टूबर तक पाँच दिन चली जोधपुर क्रिश्चियन कन्वेंशन का समारोह पूर्वक समापन हुआ। क्रिश्चियन कन्वेंशन में आखिरी दिन बुधवार सुबह आराधना के पश्चात जवानों के लिए एक विशेष सेशन का आयोजन किया।
इसमें रेव्ह. सैम मिशेक ने जवानों को बताया कि जवानी का समय जीवन का सबसे ऊर्जावान और अनमोल दौर है। इस समय को साधारण या तुच्छ न समझें, क्योंकि परमेश्वर इस उम्र में आपके जीवन से एक खास पवित्रता और क्वालिटी की अपेक्षा रखते हैं। उन्होंने कहा कि अपने मुंह से कोई बुरी बात ना कहें हमेशा दूसरों को प्रोत्साहित करने वाले अच्छे शब्द बोलें। आपकी जवानी का व्यवहार ऐसा हो जो मसीह की सुगंध फैलाए। लोगों के प्रति मददगार और विनम्र बनें। युवावस्था के भटकावों के बावजूद हर दिन परमेश्वर के साथ समय बिताएं। अपने चाल-चलन को परमेश्वर के सम्मुख पवित्र रखें। प्रभु ने आप में से हर एक को विशेष प्रतिभा और वरदान दिए हैं। अपनी जवानी की ऊर्जा और इन वरदानों का उपयोग समाज के उत्थान और देशहित के कार्यों में करें। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मसीह समाज के युवा उपस्थित थे।

मीडिया प्रभारी नवीन पॉल और संजीव बहादुर ने जानकारी देते हुए बताया कि कन्वेंशन में बच्चों के लिये विशेष प्रतियोगिताएं रखी गईं थीं जैसे चित्रकला गायन तथा फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता इन में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
चेयरमैन रेव्ह. अमित कुमार श्रेष्ठ तथा रेव्ह. दलेर मसीह ने विशेष वक्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए। सचिव अनुराग लाल ने समस्त आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। जोधपुर क्रिश्चियन कन्वेंशन के सफल आयोजन के लिए जेसीसी कमेटी के सभी सदस्यों को विशेष धन्यवाद दिया, जिन्होंने पूर्ण निष्ठा के साथ अपने कार्यों को अंजाम दिया जिससे 31वाँ जोधपुर क्रिश्चियन कन्वेंशन उत्साह से भरपूर रहा। इस अवसर पर रेव्ह. अमित कुमार श्रेष्ठ, रेव्ह. अविनाश मैसी, रेव्ह. दलेर मसीह, रेव्ह. क्रूस लॉयल, सचिव अनुराग लाल, कोषाध्यक्ष रॉबिंसन विलियम उपस्थित रहे।

31वीं जेसीसी को सफल बनाने में नवीन पॉल, संजीव बहादुर, अमित बेंजामिन, रवि जॉन, सैमसन मैसी, विजेश कुमार, पवन जेम्स, सैमुअल मैसी, फ्रांसिस मैसी, अंशुल अगस्टिन, अजय जॉर्ज ने कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं बनाकर अपना पूरा योगदान दिया। संदीप मसीह के साथ क्वायर के सभी सदस्यों को विशेष धन्यवाद दिया जिन्होंने सुंदर-सुंदर धार्मिक गीतों की प्रस्तुति दी।
अंत में जोधपुर के गिरजाघरों के धर्मगुरुओं ने आमंत्रित मेहमानों के साथ आपस में हाथ पकड़ के ईश्वर को जेसीसी के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया तथा यह प्रार्थना की कि आने वाले वर्षों में भी ईश्वर इन्हें पुन: मिलने का मौका प्रदान करे। प्रभु की प्रार्थना की गई। अध्यक्ष रेव्ह. अमित कुमार श्रेष्ठ ने आशीष वचन द्वारा सभा का समापन किया।






