दो वर्गों में होगा आयोजन, विजेताओं को मिलेंगे पुरस्कार और प्रशंसा-पत्र
उदित भास्कर. जोधपुर
रेलकर्मियों के बच्चों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने और शुद्ध वर्तनी व सुंदर लेखन की आदत विकसित करने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे का जोधपुर मंडल हिंदी श्रुतलेख प्रतियोगिता आयोजित करेगा। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देश पर होने वाली इस प्रतियोगिता में कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।
जोधपुर मंडल के राजभाषा अधिकारी भंवर सिंह मीना के अनुसार प्रतियोगिता दो वर्गों में होगी। प्रथम वर्ग में कक्षा 3 से 5 तक और द्वितीय वर्ग में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे। प्रथम वर्ग के लिए श्रुतलेख का स्तर कक्षा 3 तथा द्वितीय वर्ग के लिए कक्षा 6 के अनुरूप रहेगा। इसमें केवल जोधपुर मंडल में कार्यरत रेल कर्मचारियों और अधिकारियों के बच्चे ही भाग ले सकेंगे।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का मूल्यांकन वर्तनी की शुद्धता, लेखन की स्पष्टता और सुंदर लिखावट के आधार पर किया जाएगा। दोनों वर्गों में प्रथम,द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ सांत्वना पुरस्कार के लिए चयनित प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार और प्रशंसा-पत्र दिए जाएंगे। प्रतियोगिता की समय व तिथि बाद में निर्धारित की जाएगी।
प्रतिभागियों को निर्धारित समय से 15 मिनट पहले प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचना होगा। उत्तर पुस्तिकाएं आयोजकों की ओर से उपलब्ध कराई जाएंगी, जबकि पेन या पेंसिल विद्यार्थियों को स्वयं लानी होगी।
23 अक्टूबर तक कराएं नामांकन
इच्छुक रेल कर्मचारी अपने बच्चों का नामांकन 23 अक्टूबर 2026 को शाम 6 बजे तक मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित राजभाषा अनुभाग में हार्ड कॉपी के माध्यम से या व्हाट्सऐप नंबर 9001198637 पर भेज सकते हैं। मंडल प्रशासन ने रेल कर्मचारियों से बच्चों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की है।






