सुजल न्यूट्रिशन क्लब के दो दिवसीय महोत्सव में विशेष बच्चों ने गरबा प्रस्तुत कर दिया प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय, आयोजकों की पहल को मिली सराहना
राखी पुरोहित. जोधपुर
नवरात्रि के पावन अवसर पर सुजल न्यूट्रिशन क्लब की ओर से सेकंड पोलो, पावटा मेन महामंदिर रोड स्थित परिसर में आयोजित दो दिवसीय ब्लू सिटी डांडिया महोत्सव में भक्ति, संस्कृति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। महोत्सव में महिला-पुरुषों और बच्चों ने पारंपरिक गरबा एवं डांडिया प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। वहीं, मूक-बधिर बच्चों की शानदार गरबा प्रस्तुति आयोजन का मुख्य आकर्षण रही। बच्चों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और नृत्य कौशल से उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।
महोत्सव में मूक-बधिर बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ गरबा प्रस्तुत कर यह संदेश दिया कि प्रतिभा किसी शारीरिक बाधा की मोहताज नहीं होती। संगीत की धुन और ताल के साथ बच्चों ने शानदार नृत्य किया। उनकी प्रस्तुति पर पूरा परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की।
मूक-बधिर बच्चों की प्रस्तुति बनी महोत्सव का मुख्य आकर्षण
डांडिया संयोजक रेखा शर्मा ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य भारतीय संस्कृति एवं पारंपरिक लोकनृत्य को बढ़ावा देने के साथ समाज में प्रेम, सौहार्द और समरसता की भावना को मजबूत करना है। इसी उद्देश्य के साथ विशेष बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान किया गया। कार्यक्रम के आयोजक संतोष सोलंकी, सुजल शर्मा एवं क्षेमेन्द्र ओझा ने विशेष बच्चों को मंच प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया। वहीं, बधिर जोधपुर सोसायटी के प्रिंसिपल सूरज राजपूत के मार्गदर्शन एवं सहयोग से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों ने जिस उत्साह और आत्मविश्वास के साथ गरबा प्रस्तुत किया, उसने सभी को प्रभावित किया। उनकी प्रस्तुति ने साबित किया कि उचित अवसर, सहयोग और प्रोत्साहन मिलने पर विशेष बच्चे भी अपनी प्रतिभा से सभी का दिल जीत सकते हैं।
मां जगदम्बा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मां जगदम्बा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने गरबा और डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगे परिधान, पारंपरिक नृत्य और भक्तिमय वातावरण ने महोत्सव की रौनक बढ़ा दी। महिला-पुरुषों के साथ बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को यादगार बनाया।
समानता और समावेशिता का दिया संदेश
ब्लू सिटी डांडिया महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने समाज में समान अवसर, संवेदनशीलता और समावेशिता का संदेश भी दिया। विशेष बच्चों को मंच देकर आयोजकों ने यह प्रेरणादायक पहल की कि प्रत्येक बच्चे को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलना चाहिए। महोत्सव में मौजूद लोगों ने सुजल न्यूट्रिशन क्लब और आयोजकों की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से विशेष बच्चों का मनोबल बढ़ाने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का सकारात्मक संदेश दिया गया।
इस अवसर पर क्लब के सदस्य महेश गहलोत, ऋषिका गहलोत, रवि शर्मा, रेखा शर्मा, सुजल शर्मा, नर्मदा जांगिड़, सुरेश शर्मा, हिमांशु गहलोत, धीरज सुथार, शरद शर्मा, शुभम शर्मा, राजेंद्र शर्मा, अभिनव शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया और महोत्सव की खुशियों को साझा किया।








