

सुमनेश व्यास. जोधपुर
राजस्थान न्यायिक कर्मचारी संघ की 12वीं RGPL क्रिकेट प्रतियोगिता में जोधपुर जिला शाखा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। गंगानगर में 22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में जोधपुर की टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने से खिलाड़ियों और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
प्रतियोगिता में जोधपुर की न्यायिक कर्मचारी क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने खेल भावना, आपसी समन्वय और टीमवर्क का परिचय देते हुए बेहतर प्रदर्शन किया। टीम की इस उपलब्धि से जोधपुर जिला शाखा में खुशी की लहर है।
जोधपुर जिला शाखा के अध्यक्ष अनिल जोशी, महासचिव मुकेश व्यास और प्रांतीय प्रतिनिधि मनीष काकरा सहित टीम से जुड़े पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताई।
अब सभी की निगाहें सेमीफाइनल मुकाबले पर टिकी हैं। जोधपुर की टीम से फाइनल में पहुंचने और प्रतियोगिता में खिताबी जीत हासिल करने की उम्मीद की जा रही है।







