जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के सहायक आचार्य एवं थिएटर सेल के निदेशक डॉ. गोयल की उपलब्धि से शहर के कला एवं रंगमंच जगत में खुशी
दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर
9783414079 uditbhaskarnews@gmail.com
जोधपुर के कला एवं रंगमंच जगत के लिए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि है कि अभिनेता, रंगकर्मी, नाटककार एवं निर्देशक डॉ. हितेंद्र गोयल नेटफ्लिक्स की ओरिजिनल वेब सीरीज़ द रॉयल्स सीज़न 2 में एक महत्वपूर्ण किरदार निभाते हुए नज़र आएंगे। प्रतिष्ठित प्रोडक्शन हाउस प्रीतिश नंदी कम्युनिकेशंस के बैनर तले निर्मित इस सीरीज़ से उनका जुड़ाव जोधपुर की रंगमंचीय प्रतिभा की राष्ट्रीय मनोरंजन जगत में बढ़ती उपस्थिति को रेखांकित करता है।
डॉ. हितेंद्र गोयल जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर के अंग्रेजी विभाग में सहायक आचार्य तथा विश्वविद्यालय के थिएटर सेल के निदेशक हैं। पिछले दो दशकों से अधिक समय से रंगमंच के क्षेत्र में सक्रिय डॉ. गोयल ने अभिनय, नाटक लेखन एवं निर्देशन के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। विश्वविद्यालय में वे विद्यार्थियों को अभिनय, संवाद अदायगी, व्यक्तित्व विकास और रंगमंच की विविध विधाओं का प्रशिक्षण देने के साथ उनकी रचनात्मक एवं संप्रेषण क्षमताओं को विकसित करने में भी योगदान दे रहे हैं।
डॉ. गोयल इससे पहले भी फिल्म एवं डिजिटल मनोरंजन जगत में अपनी अभिनय प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं। वे अमेज़न एमएक्स प्लेयर पर प्रदर्शित वेब सीरीज़ को-एड में अभिनय कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त, वे मनोज बाजपेयी अभिनीत फिल्म सिर्फ एक बंदा काफी है में भी नज़र आ चुके हैं। वेब सीरीज हेलो बच्चों में भी गोयल ने दमदार किरदार निभाया है । रंगमंच से लेकर वेब सीरीज़ और फिल्मों तक उनकी सक्रियता अभिनय के प्रति उनके निरंतर समर्पण और बहुआयामी रचनात्मक व्यक्तित्व को दर्शाती है।
रंगमंच के क्षेत्र में डॉ. गोयल ने 30 से ज़्यादा नाटकों में अभिनय एवं 14 नाटकों का निर्देशन किया और 4 नए नाटकों का लेखन किया है। उनके नाट्य लेखन और निर्देशन में सामाजिक सरोकारों, समकालीन जीवन की विसंगतियों तथा मानवीय संवेदनाओं को विशेष स्थान मिलता है। उनके लेखन, संकल्पना एवं निर्देशन में तैयार समकालीन हिंदी नाटक आखिरी श्रोता के मंचनों को भी दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। विश्वविद्यालय के थिएटर सेल के माध्यम से वे रंगमंच को विद्यार्थियों के बीच प्रोत्साहित करने तथा नई अभिनय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। जोधपुर की रंगमंचीय प्रतिभा का राष्ट्रीय मंच पर विस्तार—डॉ. हितेंद्र गोयल की यह उपलब्धि शहर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई प्रदान करती है।







